Delhi weather update: (नई दिल्ली) केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार बुधवार सुबह दिल्ली की वायु गुणवत्ता में मामूली सुधार दर्ज किया गया और वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) ‘गंभीर’ श्रेणी से घटकर ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आ गया।
सीपीसीबी के आंकड़ों के मुताबिक, बुधवार सुबह दिल्ली का औसत एक्यूआई 336 दर्ज किया गया, जबकि मंगलवार को यह 415 था। ‘समीर’ ऐप के अनुसार, राजधानी के 40 वायु गुणवत्ता निगरानी केंद्रों में से 36 केंद्रों पर एक्यूआई ‘बहुत खराब’ श्रेणी में रहा। नेहरू नगर में सबसे अधिक 392 एक्यूआई दर्ज किया गया।
सीपीसीबी के मानकों के अनुसार
- 0–50 : अच्छा
- 51–100 : संतोषजनक
- 101–200 : मध्यम
- 201–300 : खराब
- 301–400 : बहुत खराब
- 401–500 : गंभीर
सुबह के समय दिल्ली के कई इलाकों में कोहरे और धुंध के कारण दृश्यता कम रही। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बताया कि दिल्ली में न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.7 डिग्री अधिक है। अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। आईएमडी के अनुसार, आर्द्रता का स्तर 100 प्रतिशत दर्ज किया गया और दिन के दौरान हल्का कोहरा बने रहने की संभावना है।