नई दिल्ली: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के भारत दौरे के औपचारिक स्वागत से पहले राष्ट्रपति भवन में विशेष तैयारियाँ की गईं। शुक्रवार सुबह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति भवन के फोरकोर्ट में राष्ट्रपति द्रौपदी से मिले साथ ही तैयारियों का जायजा लिया।
2 दिवसीय दौरे पर पहुंचे हैं पुतिन
राष्ट्रपति भवन में आयोजित होने वाला यह समारोह पुतिन के दो दिवसीय भारत दौरे का प्रमुख औपचारिक हिस्सा माना जाता है। इससे पहले गुरुवार शाम पुतिन दिल्ली पहुंचे थे, जहां प्रधानमंत्री मोदी ने स्वयं एयरपोर्ट पर जाकर उनका स्वागत किया। दोनों नेताओं ने गले मिलकर अभिवादन किया, जिससे दौरे की मित्रतापूर्ण शुरुआत हुई।
दिल्ली में सुरक्षा के कड़े इंतजाम
दिल्ली में पुतिन के आगमन को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए हैं। एयरपोर्ट, प्रधानमंत्री आवास, भारत मंडपम और राष्ट्रपति भवन के आसपास सुरक्षा एजेंसियां उच्च सतर्कता पर हैं। शहर भर में प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति पुतिन की साझेदारी को दर्शाते पोस्टर, बैनर और डिजिटल होर्डिंग लगाए गए हैं।
राजघाट जाकर पुतिन देंगे महात्मा गांधी के समाधि पर श्रद्धांजलि
इस दौरे के दौरान दोनों देशों के बीच रक्षा, ऊर्जा, व्यापार और रणनीतिक क्षेत्रों में सहयोग को विस्तार देने पर चर्चा होने की संभावना है। पुतिन राजघाट जाकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि भी अर्पित करेंगे। इसके अलावा वे रूस के सरकारी प्रसारक के नए ‘इंडिया चैनल’ का शुभारंभ करेंगे और फिर राष्ट्रपति मुर्मू द्वारा आयोजित राजकीय भोज में शामिल होंगे।
भारत और रूस के बीच दशकों पुराने संबंधों को और प्रगाढ़ बनाने के लिए यह दौरा अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति पुतिन की यह मुलाकात वैश्विक परिवर्तनों के बीच दोनों देशों की साझेदारी को नई दिशा दे सकती है