26/11 की बरसी पर अमित शाह का बयान, कहा-पूरा विश्व भारत के आतंकवाद-विरोधी अभियानों का प्रशंसक

Amit Shah, Home Minister

नई दिल्ली: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 26/11 मुंबई आतंकी हमलों की बरसी पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की आतंकवाद के प्रति जीरो-टॉलरेंस नीति पूरी तरह स्पष्ट है, और आज पूरा विश्व भारत के आतंकवाद-विरोधी अभियानों की सराहना कर रहा है तथा उन्हें व्यापक समर्थन दे रहा है।

मुंबई हमले की बरसी पर लिखा पोस्ट

अमित शाह ने बुधवार को ‘एक्स’ पर 26/11 के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि आतंकवाद किसी एक देश की समस्या नहीं, बल्कि पूरी मानवता के लिए एक बड़ा अभिशाप है।

शाह ने लिखा, “वर्ष 2008 में आज ही के दिन आतंकियों ने मुंबई पर कायराना हमला कर वीभत्स और अमानवीय कृत्य किया था। मुंबई आतंकी हमलों का डटकर सामना करते हुए बलिदान देने वाले वीर जवानों को नमन करता हूं और इस कायराना हमले में अपनी जान गंवाने वाले सभी लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूँ।” गृह मंत्री ने आगे कहा कि भारत सरकार की आतंकवाद के खिलाफ नीति न केवल मजबूत है, बल्कि विश्वभर में उसकी विश्वसनीयता और प्रभाव को भी मान्यता मिल रही है।

26/11 :देश को दहला देने वाला हमला

26 नवंबर 2008 को पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के 10 आतंकवादी समुद्री मार्ग से मुंबई पहुंचे थे। लगभग 60 घंटे तक चले इस भीषण हमले में आतंकियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग और बम धमाकों से 18 सुरक्षाकर्मियों सहित 166 लोगों की हत्या कर दी थी। इस घटना ने भारत ही नहीं, बल्कि पूरे विश्व को झकझोर कर रख दिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *