Uttarakhand Silver Jubilee: (नई दिल्ली): प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को उत्तराखंड की स्थापना की 25वीं वर्षगांठ के अवसर पर राज्यवासियों को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड पर्यटन समेत हर क्षेत्र में नई गति से प्रगति कर रहा है।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर शुभकामनाएं देते हुए लिखा उत्तराखंड के स्थापना की 25वीं वर्षगांठ पर राज्य के मेरे सभी भाई-बहनों को अनेकानेक शुभकामनाएं। प्रकृति की गोद में बसी हमारी यह देवभूमि आज पर्यटन के साथ-साथ हर क्षेत्र में प्रगति की नयी रफ्तार भर रही है। प्रदेश के इस विशेष अवसर पर मैं यहां के विनम्र, कर्मठ और देवतुल्य लोगों की सुख-समृद्धि, सौभाग्य और उत्तम स्वास्थ्य की कामना करता हूं।”
कई विकास परियोजनाओं की देंगे सौगात
प्रधानमंत्री मोदी रविवार को उत्तराखंड के रजत जयंती समारोह में शामिल होंगे, जहां वे राज्य के लिए कई विकास परियोजनाओं की घोषणा करने वाले हैं। केंद्र सरकार के मुताबिक, इन परियोजनाओं का उद्देश्य पर्यटन, बुनियादी ढांचे और रोजगार सृजन को बढ़ावा देना है।
पर्यटन और पर्यावरण संरक्षण पर सरकार का फोकस
प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में यह भी कहा कि उत्तराखंड न केवल धार्मिक पर्यटन का केंद्र है, बल्कि प्राकृतिक सौंदर्य और पर्यावरण संरक्षण का प्रतीक भी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले वर्षों में राज्य की अर्थव्यवस्था में पर्यटन, जैविक खेती और साहसिक खेलों का योगदान और बढ़ेगा।
उत्तराखंड का गठन 9 नवंबर 2000 को हुआ था, जब इसे उत्तर प्रदेश से अलग कर एक नया राज्य बनाया गया। अपने 25 वर्षों के सफर में राज्य ने शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क संपर्क और ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। रजत जयंती वर्ष के इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा और नई घोषणाओं से राज्य के विकास को नई दिशा मिलने की उम्मीद की जा रही है।