देशभर में होगी ‘वंदे मातरम्’ की गूंज, 150 वर्ष पूरे होने पर PM मोदी करेंगे कार्यक्रम का उद्घाटन

Vande Matram 150 years:(नई दिल्ली): प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शुक्रवार को नयी दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित सालभर चलने वाले राष्ट्रव्यापी समारोह की शुरुआत करेंगे। यह कार्यक्रम 7 नवंबर 2025 से 7 नवंबर 2026 तक चलेगा और इस दौरान देशभर में विभिन्न आयोजन कर राष्ट्रीय गीत की ऐतिहासिक यात्रा और उसके प्रेरणादायी प्रभाव को रेखांकित किया जाएगा।

प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) के अनुसार, मोदी सुबह लगभग 9:30 बजे इस समारोह का उद्घाटन करेंगे और इस अवसर पर एक स्मारक डाक टिकट और एक विशेष स्मारक सिक्का भी जारी करेंगे।

देशभर में ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन

पीएमओ के बयान में बताया गया है कि मुख्य कार्यक्रम के साथ-साथ देशभर में सार्वजनिक स्थानों पर सुबह लगभग 9:50 बजे ‘वंदे मातरम्’ के पूर्ण संस्करण का सामूहिक गायन आयोजित किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य समाज के सभी वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित करना और राष्ट्रगौरव की भावना को और प्रबल बनाना है।

कब हुई थी‘वंदे मातरम्’ गीत की रचना

इस वर्ष राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ की रचना के 150 वर्ष पूरे हो रहे हैं। 7 नवंबर 1875 को अक्षय नवमी के शुभ अवसर पर बंकिम चंद्र चटर्जी ने इसकी रचना की थी। यह गीत पहली बार साहित्यिक पत्रिका ‘बंगदर्शन’ में उनके प्रसिद्ध उपन्यास ‘आनंदमठ’ के एक भाग के रूप में प्रकाशित हुआ था।

इस गीत ने भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन को दी नई दिशा

वंदे मातरम्’ ने भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा दी और राष्ट्रीय एकता, गौरव और आत्मसम्मान की भावना को सशक्त किया। यह समारोह न केवल ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ का जश्न मनाएगा, बल्कि यह भारतीय संस्कृति, स्वतंत्रता संग्राम और एकता के प्रतीक के रूप में इस गीत की विरासत को भी पुनः उजागर करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *