NDA ने जारी किया बिहार चुनाव का घोषणा पत्र, युवाओं और महिलाओं को लेकर किए बड़े वादे

PM Modi And Bihar CM Nitish Kumar

Bihar Election 2025: राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) ने शुक्रवार को बिहार विधानसभा चुनाव के लिए अपना विस्तृत घोषणा पत्र जारी किया। इसमें रोजगार, औद्योगिक निवेश, कृषि सुधार, महिला सशक्तिकरण और आधारभूत संरचना के व्यापक विकास के लिए 20 ठोस “संकल्पों” की घोषणा की गई है।

घोषणापत्र को उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में जारी किया। उन्होंने बताया कि इसे देश के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर जारी किया गया है। चौधरी ने कहा, “यह दिन हमें एकता, विकास और संकल्प की भावना की याद दिलाता है। राजग बिहार को समृद्ध, सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।”

युवाओं के लिए 1 करोड़ रोजगार का दावा

राजग ने वादा किया है कि आने वाले पांच वर्षों में राज्य के एक करोड़ युवाओं को रोजगार दिया जाएगा। प्रत्येक जिले में स्थापित कौशल केंद्रों को ‘वैश्विक कौशल केंद्र’ के रूप में विकसित किया जाएगा, जिससे राज्य को “ग्लोबल वर्कप्लेस” बनाने की दिशा में कदम बढ़ेगा।

महिला सशक्तिकरण और आर्थिक विकास

महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए राजग ने“एक करोड़ लखपति दीदी” बनाने का लक्ष्य रखा है। चौधरी ने कहा, “राजग बिहार की महिलाओं को करोड़पति उद्यमी बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाएगा।”

पिछड़े वर्गों के लिए 10 लाख की विशेष सहायता

आर्थिक रूप से पिछड़े वर्गों (EBC) को10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। साथ ही, उनके हितों की रक्षा के लिए उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीश की अध्यक्षता में आयोग गठित करने की घोषणा की गई है।

कृषि क्षेत्र में सुधार और किसानों के एमएसपी गारंटी

कृषि क्षेत्र के लिए ‘कर्पूरी ठाकुर किसान सम्मान निधि’ योजना की घोषणा की गई है, जिसे केंद्र और राज्य के समन्वय से लागू किया जाएगा। किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) की गारंटी दी जाएगी और कृषि अवसंरचना मेंएक लाख करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा।

बिहार होगा बाढ़मुक्त

बाढ़ प्रभावित उत्तर बिहार को अगले पांच वर्षों में पूरी तरह बाढ़मुक्त करने का लक्ष्य रखा गया है। ‘फ्लड टू फॉर्च्यून’ मॉडल के तहत कृषि और मत्स्य पालन को नया आयाम देने की बात कही गई है।

औद्योगिक और बुनियादी ढांचा विकास

घोषणापत्र के अनुसार, राज्य में सात नए एक्सप्रेसवे, 10 औद्योगिक पार्क और प्रत्येक जिले में फैक्ट्री एवं विनिर्माण इकाइयां स्थापित की जाएंगी। राजग ने वादा किया है कि 50 लाख करोड़ रुपये का निवेश आकर्षित किया जाएगा, जिससे “औद्योगिक क्रांति” की गारंटी सुनिश्चित होगी। राजधानी क्षेत्र में “न्यू पटना” नामक एक हरित (ग्रीनफील्ड) परियोजना विकसित की जाएगी और चार नए शहरों में मेट्रो रेल सेवा शुरू की जाएगी।

शिक्षा और स्वास्थ्य

शिक्षा के क्षेत्र में “केजी से पीजी तक निशुल्क गुणवत्तापूर्ण शिक्षा” का वादा किया गया है। अनुसूचित जाति के उच्च शिक्षा प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को2,000 रुपये की वित्तीय सहायता दी जाएगी।
राज्य केहर जिले में मेडिकल कॉलेज स्थापित किए जाएंगे।

गरीब और वंचितों के लिए ‘पंचामृत गारंटी’

राजग ने गरीब और वंचित वर्गों के लिए ‘पंचामृत गारंटी’ की घोषणा की है, जिसके तहत

  • मुफ्त राशन,
  • 5 लाख रुपये तक का मुफ्त उपचार,
  • 50 लाख पक्के मकान, और
  • सामाजिक सुरक्षा पेंशन सुनिश्चित की जाएगी।

पर्यटन और खेल

धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सीतामढ़ी के पुनौरा धाम जानकी मंदिर को “सीतापुरम” के रूप में विकसित किया जाएगा। खेलों को प्रोत्साहन देने के लिए राज्य में‘बिहार स्पोर्ट्स सिटी’ का निर्माण किया जाएगा, जिससे युवाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाएं मिल सकें।

श्रमिक और गिग वर्कर्स के लिए प्रावधान

संगठित और असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के साथ-साथगिग वर्कर्स औरऑटो चालकों के लिए वित्तीय सहायता और कौशल विकास प्रशिक्षण का वादा किया गया है। सम्राट चौधरी ने कहा कि यह घोषणापत्र “20 संकल्पों का रोडमैप” है, जो बिहार को आत्मनिर्भर, सशक्त और वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी राज्य बनाने की दिशा में ठोस पहल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *