पवित्र ‘जोड़े साहिब’ पटना ले जाए जाएंगे, प्रधानमंत्री ने लोगों से दर्शन करने की अपील की

PM Modi

नई दिल्ली: पवित्र ‘जोड़े साहिब’ जो सिखों के दसवें गुरु श्री गुरु गोबिंद सिंह जी और उनकी धर्मपत्नी माता साहिब कौर जी की पादुकाओं को बृहस्पतिवार को एक धार्मिक शोभायात्रा के साथ पटना स्थित तख्त श्री पटना साहिब ले जाया जाएगा, जहां इन पवित्र अवशेषों को स्थायी रूप से स्थापित किया जाएगा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को देशवासियों से आग्रह किया कि वे इस ऐतिहासिक ‘गुरु चरण यात्रा’ के दौरान पवित्र अवशेषों के दर्शन अवश्य करें। यह यात्रा हरियाणा और उत्तर प्रदेश से होते हुए पटना पहुंचेगी, जो गुरु गोबिंद सिंह जी का जन्मस्थान है।

पीएम मोदी ने की दर्शन की अपील

मोदी ने ‘एक्स’ (पूर्व ट्विटर) पर कहा, “यह गुरु चरण यात्रा हमें गुरु गोबिंद सिंह जी और माता साहिब कौर जी के महान आदर्शों से और अधिक जोड़ने का अवसर देगी। जिन-जिन क्षेत्रों से यह यात्रा गुजरेगी, वहां के लोग पवित्र ‘जोड़े साहिब’ के दर्शन अवश्य करें।” पवित्र ‘जोड़े साहिब’ पिछले 300 से अधिक वर्षों से केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी के परिवार की अभिरक्षा में रहे हैं। बुधवार को गुरुद्वारा मोती बाग, दिल्ली में विशेष ‘कीर्तन समागम’ आयोजित किया गया, जहां श्रद्धालुओं ने इन अवशेषों के दर्शन किए।

23 अक्तूबर को निकलेगी शोभा यात्रा

मंत्री ने बताया कि यात्रा 23 अक्टूबर को दिल्ली के गुरुद्वारा मोती बाग से आरंभ होगी और उसी रात फरीदाबाद पहुंचेगी।
इसके बाद यह क्रमशः 24 अक्टूबर को आगरा, 25 को बरेली, 26 को महंगापुर, 27 को लखनऊ, 28 को कानपुर, 29 को प्रयागराज पहुंचेगी। यात्रा वाराणसी और सासाराम से होती हुई 30 अक्टूबर को गुरुद्वारा गुरु का बाग, पटना साहिब पहुंचेगी।

1 नवंबर को स्थापित होंगे अवशेष

पवित्र अवशेषों को एक नवंबर को औपचारिक रूप से तख्त श्री पटना साहिब में स्थापित किया जाएगा। पुरी के पूर्वज, जिन्होंने गुरु गोबिंद सिंह जी की सेवा की थी, को यह पादुकाएं उनकी भक्ति और सेवा के सम्मान में प्रदान की गई थीं। कहा जाता है कि उन्होंने गुरु से यही वर मांगा था कि वे पवित्र ‘जोड़े साहिब’ को अपने पास रख सकें ताकि आने वाली पीढ़ियों तक गुरु और माता का आशीर्वाद पहुंचाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *