Bihar Election 2025: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बृहस्पतिवार को बिहार की महागठबंधन सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि राज्य में रहा “जंगलराज” लोगों की स्मृति से अगले सौ वर्षों तक नहीं मिटेगा। उन्होंने कहा कि विपक्ष चाहे अपने कुकृत्यों को छिपाने की कितनी भी कोशिश कर ले, जनता उसे माफ नहीं करेगी।
बिहार में आगामी विधानसभा चुनावों से पहले, तेजस्वी यादव को महागठबंधन का मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किए जाने के बाद मोदी ने विपक्षी गठबंधन को “गठबंधन नहीं, लठबंधन” बताया। उन्होंने कहा कि दिल्ली और बिहार में विपक्ष के कई नेता जमानत पर बाहर हैं, इसलिए यह गठबंधन अपराधियों का मेल है।
“जंगलराज की सच्चाई युवाओं तक पहुंचाओ”
‘मेरा बूथ सबसे मज़बूत’युवा संवाद’ कार्यक्रम के दौरान ऑडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि बिहार के युवा राज्य के इतिहास से सीख लें। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आग्रह किया, “हर बूथ पर युवाओं को इकट्ठा करें और उस क्षेत्र के बुजुर्गों को बुलाएं ताकि वे ‘जंगलराज’ के दौर की सच्ची कहानियां युवाओं को सुना सकें।”
लालू के समय था भ्रष्टाचार और भय का माहौल
मोदी ने कहा कि जिस दौर में राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव मुख्यमंत्री थे, उस समय भ्रष्टाचार, अपराध और भय का माहौल था, और बिहार के लोग उसे आज भी याद करते हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि आज बिहार विकास के “महायज्ञ” में भाग ले रहा है और केंद्र तथा राज्य दोनों में स्थिर सरकार होने के कारण हर क्षेत्र में प्रगति हो रही है। उन्होंने कहा, “अस्पताल बन रहे हैं, स्कूलों का विस्तार हो रहा है, और नए रेलमार्ग विकसित किए जा रहे हैं। जब स्थिरता होती है, तभी विकास गति पकड़ता है। यही बिहार की एनडीए सरकार की ताकत है।”
बिहार में फिर एनडीए सरकार
पीएम मोदी ने कहा कि बिहार के युवा आज पूरे विश्वास के साथ कह रहे हैं कि “रफ्तार पकड़ चुका बिहार, फिर से एनडीए सरकार।” युवाओं को तकनीक और स्टार्ट-अप की दिशा में बढ़ने का आह्वान करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि बिहार को तकनीक, नवाचार और स्टार्ट-अप हब के रूप में विकसित करने की जरूरत है, ताकि राज्य के युवाओं को रोज़गार के लिए दूसरे राज्यों में पलायन न करना पड़े। कार्यकर्ताओं से प्रचार अभियान तेज करने की अपील करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि अगले 20 दिनों तक हम सभी को चौबीसों घंटे जनता के बीच रहना होगा और विकास का संदेश पहुंचाना होगा।”