PM Modi welcome Trump leadership: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गाज़ा पट्टी में शांति बहाली के प्रयासों के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नेतृत्व की सराहना की है। उन्होंने इसे क्षेत्रीय स्थिरता की दिशा में एक सकारात्मक पहल बताया है। पीएम मोदी ने शनिवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’पर यह टिप्पणी की।
भारत का रुख शांति के समर्थन में
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने पोस्ट में कहा गाज़ा में शांति प्रयासों में निर्णायक प्रगति के बीच भारत अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नेतृत्व का स्वागत करता है। भारत शांति की दिशा में किए गए सभी प्रयासों का दृढ़ता से समर्थन करता रहेगा। उन्होंने यह प्रतिक्रिया उस समय दी जब हमास की ओर से इज़राइली बंधकों की रिहाई के संकेत सामने आए हैं। इसे शांति बहाली की दिशा में एक महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है।
ट्रंप की शांति योजना पर प्रतिक्रियाएं
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही में एक नई शांति योजना प्रस्तुत की है, जिसमें गाज़ा क्षेत्र में संघर्ष विराम, बंधकों की रिहाई और राजनीतिक सत्ता के पुनर्वितरण जैसे प्रावधान शामिल हैं। यह योजना इज़राइल और हमास के बीच जारी दो वर्षों के युद्ध को समाप्त करने के उद्देश्य से बनाई गई है।
हमास की सैद्धांतिक सहमति
हमास ने योजना के प्रति सकारात्मक रुख दिखाते हुए कहा है कि वह बंधकों को रिहा करने और गाज़ा में सत्ता अन्य फलस्तीनी गुटों को सौंपने को तैयार है। हालांकि, संगठन ने यह भी कहा है कि योजना के अन्य पहलुओं पर अभी फलस्तीनी पक्षों में और बातचीत की आवश्यकता है।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हलचल
भारत पश्चिम एशिया में पारंपरिक रूप से संतुलित दृष्टिकोण अपनाता रहा है। भारत के इज़राइल और फलस्तीन दोनों से अच्छे संबंध हैं। प्रधानमंत्री मोदी की यह प्रतिक्रिया भारत की उस नीति के अनुरूप है, जिसमें शांति और संवाद को प्राथमिकता दी जाती है। इस शांति योजना को लेकर क्षेत्रीय और वैश्विक स्तर पर कूटनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं।