CM Saini Meeting with PM Modi: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की और प्रदेश की विभिन्न योजनाओं, हालिया आपदाओं और विकास कार्यों पर सार्थक चर्चा की। बैठक के बाद सीएम सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने उन्हें हरियाणा सरकार के प्रयासों की सराहना करते हुए नवरात्रि और विजयादशमी की शुभकामनाएं दी
आपदा राहत पर जोर, किसानों को मिली राहत
मुख्यमंत्री सैनी ने जानकारी दी कि हाल ही में प्रदेश के कई हिस्सों में हुई भारी बारिश के कारण जन-धन की हानि हुई है। उन्होंने कहा, “लगभग 2500 परिवारों को नुकसान हुआ, जिनमें मकान, पशुधन और घरेलू सामान को क्षति पहुंची। हमने ‘क्षति पूर्ति पोर्टल’ के जरिए ऐसे परिवारों को ₹4.5 करोड़ की राहत राशि ट्रांसफर की है।”
वहीं किसानों को राहत देने के सवाल पर सीएम ने बताया कि जिन किसानों की 50% से अधिक फसल नष्ट हुई है, उनके लिए बिजली बिलों की वसूली फिलहाल स्थगित करने का फैसला लिया गया है।
मंडियों में तेजी से हो रही है खरीद
मुख्यमंत्री ने बताया कि किसानों की मांग पर धान की खरीद 22 सितंबर से ही शुरू कर दी गई है, जबकि पहले यह 1 अक्टूबर से होती थी। अब तक 5000 मीट्रिक टन फसल मंडियों में आ चुकी है, जिसमें से 3500 मीट्रिक टन की खरीद हो चुकी है। बाजरे की खरीदारी 23 सितंबर से शुरू हो चुकी है, और सरकार MSP के तहत भावांतर योजना लागू कर किसानों को लाभ पहुँचा रही है।
कानून व्यवस्था पर सरकार सख्त
राज्य में कानून व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री सैनी ने कहा, “जो भी कानून तोड़ेगा, उस पर सख्त कार्रवाई होगी। कानून व्यवस्था से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। पुलिस को पूरी छूट दी गई है।”
अमित शाह का दौरा, कांग्रेस पर हमला
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आगामी 3 अक्टूबर को रोहतक और कुरुक्षेत्र का दौरा करेंगे। हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष को लेकर पूछे गए सवाल पर सीएम सैनी ने तंज कसते हुए कहा, “ये चेहरे कांग्रेस के पुराने हैं, जिन्हें जनता पहले भी नकार चुकी है। कांग्रेस की नीति, नियत और नेतृत्व तीनों कमजोर हैं। देश ने उन्हें 55 साल दिए और अब जनता ने कांग्रेस को पूरी तरह नकार दिया है।
‘भारत बनेगा तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था’
मुख्यमंत्री ने कहा कि बीजेपी ने पिछले 11 वर्षों में देश को नयी दिशा दी है। उन्होंने भरोसा जताया कि भारत जल्द ही दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगा।
RSS है अंधकार में उम्मीद जगाने वाला दीपक
मुख्यमंत्री सैनी ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की भी सराहना की और कहा, “RSS एक ऐसा संगठन है जो खुद को दीपक की तरह जलाकर, समाज को रोशनी देने का काम करता है। यह दुनिया का सबसे बड़ा सामाजिक संगठन है जो निःस्वार्थ भाव से देश के लिए कार्य करता है।