(चंडीगढ़): केन्द्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने शुक्रवार को शहीद-ए-आजम भगत सिंह और भारत रत्न लता मंगेशकर की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने दोनों महान विभूतियों के योगदान को भारतीय इतिहास और संस्कृति का अमूल्य धरोहर बताया।
मनोहर लाल ने एक्स पर ये पर किया ये पोस्ट
माँ भारती के वीर सपूत, देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले महान क्रांतिकारी, अमर बलिदानी सरदार भगत सिंह जी को उनकी जयंती पर शत-शत नमन। उन्होंने आगे कहा कि, “मातृभूमि की रक्षा हेतु उनका संघर्ष, अदम्य साहस एवं शौर्य सदैव युवाओं में देशप्रेम की अलख जगाता रहेगा।”
भगत सिंह का जन्म 28 सितंबर 1907 को पंजाब के लायलपुर (अब पाकिस्तान में) जिले में हुआ था। वे भारत के उन महान क्रांतिकारियों में से एक थे जिन्होंने देश की आज़ादी के लिए अपने प्राणों की आहुति दी। 23 मार्च 1931 को उन्हें अंग्रेज़ों ने फांसी दी थी, लेकिन उनका विचार और आदर्श आज भी करोड़ों भारतीयों को प्रेरणा देता है।
स्वर साम्राज्ञी लता मंगेशकर को भी किया याद
स्वर कोकिला, ‘भारत रत्न’ स्व. लता मंगेशकर जी की जयंती पर सादर नमन। अपने अलौकिक स्वर से असंख्य संगीत प्रेमियों के दिलों में एक खास जगह बनाने वाली लता जी का संस्कृति और कला जगत सदैव कृतज्ञ रहेगा।”
लता मंगेशकर का जन्म 28 सितंबर 1929 को हुआ था। उन्होंने सात दशकों से भी अधिक समय तक भारतीय संगीत को अपनी मधुर आवाज़ से समृद्ध किया। हिंदीके अलावा उन्होंने अनेक भारतीय भाषाओं में भी हजारों गीत गाए। 2001 में उन्हें भारत रत्न से सम्मानित किया गया।