PM मोदी ने पूर्व पीएम मनमोहन सिंह की जयंती पर दी श्रद्धांजलि, देश के प्रति उनके योगदान को किया याद

PM Narendra Modi

PM Modi on Manmohan Singh birthday: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की और सार्वजनिक जीवन में उनके योगदान को याद किया। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट साझा करते हुए उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि दी। प्रधानमंत्री मोदी ने लिखा, “पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह जी को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि। हम उनके लंबे सार्वजनिक जीवन के दौरान देश के प्रति उनके योगदान को याद करते हैं।”

डॉ. मनमोहन सिंह का जन्म 26 सितंबर, 1932 को पंजाब के गाह गांव में हुआ था, जो अब पाकिस्तान में स्थित है। उन्होंने अपने जीवन में भारत की राजनीति, अर्थव्यवस्था और विकास में गहरा योगदान दिया। डॉ. सिंह का 26 दिसंबर, 2024 को निधन हो गया था। उनके निधन से भारतीय राजनीति के एक शांत, विचारशील और विद्वान नेता का युग समाप्त हो गया।

आर्थिक सुधारों में अहम भूमिका

डॉ. मनमोहन सिंह ने 2004 से 2014 तक भारत के 14वें प्रधानमंत्री के रूप में कार्य किया। उन्होंने कांग्रेस के नेतृत्व वाली संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार का नेतृत्व किया। इससे पहले वे 1991 से 1996 के बीच पी. वी. नरसिम्हा राव सरकार में वित्त मंत्री रहे, जहाँ उन्होंने देश की आर्थिक दिशा को बदलने वाले आर्थिक सुधारों की शुरुआत की।

उनके वित्त मंत्री के रूप में कार्यकाल को भारतीय अर्थव्यवस्था में उदारीकरण, निजीकरण और वैश्वीकरण (एलपीजी)की नींव के रूप में देखा जाता है। उस समय भारत गंभीर आर्थिक संकट से गुजर रहा था, और डॉ. सिंह की नीतियों ने देश को संकट से उबारते हुए विकास की ओर अग्रसर किया। एक शिक्षाविद, अर्थशास्त्री और कुशल प्रशासक के रूप में डॉ. सिंह की छवि हमेशा शांत, गंभीर और सादगीपूर्ण रही। उन्होंने भारतीय राजनीति में शालीनता और परिपक्वता का उदाहरण प्रस्तुत किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *