Manohar Lal in Karnal: केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने करनाल में ‘दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना’ का राज्य स्तरीय शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने योजना की मोबाइल एप्लिकेशन भी लॉन्च की, जिससे पात्र महिलाएं डिजिटल माध्यम से आवेदन कर सकेंगी और लाभ सीधे उनके बैंक खातों में पहुंच सकेगा। इस योजना के जरिए सरकार ने राज्य की बहनों और बेटियों को आर्थिक रूप से सशक्त करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है।
23 से 60 वर्ष की महिलाएं होंगी पात्र
मनोहर लाल ने बताया कि इस योजना का उद्देश्य राज्य की उन महिलाओं को हर माह आर्थिक सहायता देना है, जिनकी वार्षिक पारिवारिक आय ₹1 लाख रुपये तक है। 23 से 60 वर्ष की उम्र की विवाहित और अविवाहित महिलाएं इस योजना के लिए पात्र होंगी। पात्र महिलाओं को हर महीने ₹2,100 रुपये की सहायता सीधे उनके बैंक खातों में भेजी जाएगी। योजना नवंबर 2025 से लागू होगी और आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।
लाडो लक्ष्मी योजना का लाभ किसी एक नहीं, बल्कि एक ही परिवार की सभी पात्र महिलाओं को मिलेगा। योजना को पारदर्शी और प्रभावी बनाने के लिए ‘लाडो लक्ष्मी ऐप’ शुरू किया गया है, जहां से महिलाएं आसानी से पंजीकरण करा सकती हैं। साथ ही योजना से जुड़ी मदद के लिए टोल फ्री नंबर और हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं।
महिला सशक्तिकरण की दिशा में मजबूत कदम
इस मौके पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 11 वर्षों में महिला सशक्तिकरण को लेकर कई ऐतिहासिक कदम उठाए गए हैं। उन्होंने बताया कि स्वच्छ भारत मिशन, जल जीवन मिशन, मुद्रा योजना और स्वयं सहायता समूहों के जरिए देश की करोड़ों महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया गया है।
उन्होंने विश्वास जताया कि ‘लाडो लक्ष्मी योजना’ हरियाणा की महिलाओं के आर्थिक विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी। इस योजना से राज्य की करीब 20 लाख महिलाएं लाभान्वित होंगी। योजना के तहत महिलाओं को समय पर सहायता मिले, इसके लिए प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि वे गांव-गांव जाकर लोगों को योजना की जानकारी दें और पात्रता सुनिश्चित करें।