India-Morocco defence agreement: (दिल्ली): भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मोरक्को के रक्षा मंत्री आब्देलतीफ लौदियी के बीच सोमवार को रबात में एक अहम द्विपक्षीय बैठक हुई। यह बैठक भारत-मोरक्को रक्षा संबंधों को नई दिशा देने के लिए की गई, जिसमें दोनों पक्षों ने रक्षा सहयोग समझौते (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए। इस समझौते के तहत दोनों देशों के बीच सैन्य प्रशिक्षण, जानकारी के आदान-प्रदान, और रक्षा उत्पादन के क्षेत्र में साझेदारी को बढ़ावा दिया जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि यह समझौता दोनों देशों के बीच रक्षा संबंधों को संस्थागत रूप देने वाला ढांचा प्रदान करेगा।
आतंकवाद पर फोकस
बैठक में आतंकवाद-रोधी प्रयासों, समुद्री सुरक्षा, साइबर डिफेंस और संयुक्त राष्ट्र शांति अभियानों पर विशेष रूप से चर्चा हुई। राजनाथ सिंह ने कहा कि दोनों देशों ने इन क्षेत्रों में सहयोग को और अधिक प्रभावी बनाने के तरीकों पर सहमति व्यक्त की है। राजनाथ सिंह की यह यात्रा किसी भी भारतीय रक्षा मंत्री की मोरक्को की पहली आधिकारिक यात्रा है। उन्होंने इस अवसर पर मोरक्को के रक्षा मंत्री को भारत आने का औपचारिक निमंत्रण भी दिया। इस मुलाकात को दोनों देशों के बीच बढ़ते रणनीतिक रिश्तों की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है।
डिफेंस विंग की शुरुआत
रक्षा सहयोग को संस्थागत रूप देने के लिए राजनाथ सिंह ने रबात स्थित भारतीय दूतावास में एक नया ‘डिफेंस विंग’ स्थापित करने की घोषणा की। यह डिफेंस विंग दोनों देशों के बीच रक्षा समन्वय और संवाद को सुचारु रूप से चलाने में सहायक होगा। रक्षा मंत्रालय के अनुसार, यह समझौता भारत और मोरक्को के बीच मजबूत होते रणनीतिक संबंधों की पुष्टि करता है। खासकर पिछले कुछ वर्षों में दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश और सुरक्षा जैसे कई क्षेत्रों में सकारात्मक प्रगति हुई है।
भारत और मोरक्को के रिश्तों में मजबूती वर्ष 2015 में मोरक्को के राजा मोहम्मद षष्ठम की भारत यात्रा के बाद से आई। उस समय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उनकी मुलाकात के बाद दोनों देशों के संबंधों को नई दिशा मिली थी। अब रक्षा क्षेत्र में यह नया समझौता, इन संबंधों को अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा मंचों पर भी मजबूती देगा।