Amit shah on GST: (नई दिल्ली): केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को कहा कि अगली पीढ़ी के जीएसटी सुधार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उन दृढ़ संकल्पों का प्रमाण हैं, जिनका उद्देश्य गरीबों, युवाओं, किसानों, महिलाओं और मध्यम वर्ग के जीवन में सुधार लाना है। उन्होंने कहा कि ये सुधार देश को विश्व की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम हैं। सोशल मीडिया मंच ‘X’ पर अपने संदेश में शाह ने लिखा अगली पीढ़ी के जीएसटी सुधार गरीबों, युवाओं, किसानों और महिलाओं की सेवा करने के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के दृढ़ संकल्प का प्रमाण हैं।
नवरात्रि के अवसर पर देश को बड़ा आर्थिक उपहार
गृह मंत्री ने इन सुधारों को नवरात्रि के पावन अवसर पर देश की माताओं और बहनों के लिए मोदी सरकार का उपहार करार दिया। उन्होंने कहा कि ये सुधार केवल कर व्यवस्था में बदलाव नहीं हैं, बल्कि आम नागरिक के जीवन स्तर को ऊंचा उठाने का एक सशक्त प्रयास हैं। अगली पीढ़ी के जीएसटी सुधार, सोमवार से शुरू हो रहे नवरात्र के पावन अवसर पर देश की सभी माताओं और बहनों के लिए मोदी सरकार का उपहार हैं।”
390 से अधिक वस्तुओं पर कर कटौती
अमित शाह ने जानकारी दी कि सरकार ने 390 से अधिक वस्तुओं पर जीएसटी दरों में ऐतिहासिक कटौती की है। इनमें खाद्य पदार्थ, घरेलू उपयोग की वस्तुएं, शिक्षा, स्वास्थ्य, बीमा, कृषि, खिलौने, खेल सामग्री और हस्तशिल्प जैसे क्षेत्र शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इससे लोगों की खर्च करने योग्य आय बढ़ेगी और वे अधिक बचत के लिए प्रेरित होंगे।
मध्यम वर्ग को मिले नए अवसर
शाह ने स्पष्ट किया कि साबुन, टूथब्रश, टूथपेस्ट, तेल, शैम्पू जैसी रोज़मर्रा की आवश्यक वस्तुओं पर कर दरों में कटौती, और कई डेयरी उत्पादों पर जीएसटी शून्य करना इस सुधार की बड़ी विशेषता है। यह बदलाव सीधे तौर पर हर घर की बचत और खुशहाली से जुड़ा है। गृह मंत्री ने कहा कि मोदी सरकार मध्यम वर्ग के लिए नए अवसर खोल रही है और उनकी आय में वृद्धि सुनिश्चित कर रही है। जीएसटी सुधारों के जरिए सरकार का उद्देश्य है कि नागरिकों की बचत लगातार बढ़े, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति मज़बूत हो और वे आत्मनिर्भर बन सकें।
देश को आत्मनिर्भर और समृद्ध बनाने की दिशा में कदम
अमित शाह ने इन सुधारों को आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि ये बदलाव भारत के विकास के पहिये को तेज़ी से आगे बढ़ाएंगे और देश को दुनिया के सबसे समृद्ध राष्ट्रों की कतार में लाकर खड़ा करेंगे।