17 सितंबर से दिल्ली विधानसभा में ‘अपने प्रधानमंत्री को जानें’ प्रदर्शनी का आयोजन, पुस्तक गैलरी भी है शामिल

PM Modi :(नई दिल्ली): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिन के अवसर पर दिल्ली विधानसभा में एक विशेष प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। इस प्रदर्शनी का नाम ‘अपने प्रधानमंत्री को जानें’ रखा गया है। दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने सोमवार को इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह प्रदर्शनी प्रधानमंत्री मोदी के जीवन, उनके विचारों और उनकी राजनीतिक यात्रा को दिखाएगी। प्रदर्शनी 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक आम लोगों के लिए खुली रहेगी।

पीएम के जीवन पर आधारित होगी प्रदर्शनी

विजेंद्र गुप्ता ने बताया कि इस प्रदर्शनी का उद्देश्य है कि लोग प्रधानमंत्री मोदी को करीब से जानें उन्होंने किस तरह काम किया, देश के लिए कौन-कौन सी योजनाएं शुरू कीं और किस तरह से वे एक आम परिवार से निकलकर देश के प्रधानमंत्री बने।प्रदर्शनी में फोटो, वीडियो, भाषण और प्रमुख उपलब्धियों को खास तौर पर दिखाया जाएगा।

पुस्तक दीर्घा का भी होगा उद्घाटन

कार्यक्रम के दौरान विधानसभा के पुस्तकालय में एक विशेष पुस्तक गैलरी भी खोली जाएगी। इस गैलरी में प्रधानमंत्री मोदी पर लिखी गई किताबें रखी जाएंगी। यह पुस्तकें उन लोगों के लिए फायदेमंद होंगी जो प्रधानमंत्री के विचारों, भाषणों और नीतियों के बारे में जानना चाहते हैं। गुप्ता ने बताया कि यह गैलरी विधायकों, छात्रों और शोधकर्ताओं के लिए उपयोगी होगी।

“एक पेड़ मां के नाम” के तहत पौधारोपण

इस मौके पर एक वृक्षारोपण अभियान भी चलाया जाएगा। यह अभियान प्रधानमंत्री की पहल ‘एक पेड़ मां के नाम’ से प्रेरित है। इसका मकसद है कि लोग पर्यावरण की रक्षा करें और हरित भारत के निर्माण में योगदान दें।

तैयारियों की समीक्षा

विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने लोक निर्माण विभाग और विधानसभा के अधिकारियों के साथ मिलकर प्रदर्शनी स्थल का निरीक्षण किया और सभी तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आयोजन में कोई कमी न रहे और सभी सुविधाएं समय पर पूरी हों। अध्यक्ष गुप्ता ने कहा कि यह प्रदर्शनी देश के युवाओं और आम नागरिकों को प्रधानमंत्री के जीवन से प्रेरणा लेने का मौका देगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे आकर प्रदर्शनी देखें और देश के नेतृत्व को करीब से जानें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *