13 सितंबर को मणिपुर के दौरे पर रहेंगे पीएम मोदी, 8500 करोड़ की परियोजनाओं का करेंगे उद्घाटन

PM Modi

PM Modi Manipur Visit: (इंफाल): प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 13 सितंबर को मणिपुर के दौरे पर आएंगे और राज्य में कुल 8,500 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। यह जानकारी राज्य के मुख्य सचिव पुनीत कुमार गोयल ने शुक्रवार को एक संवाददाता सम्मेलन में दी।

चूड़ाचांदपुर से होगी शुरुआत

मुख्य सचिव ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी मिजोरम से सीधे चूड़ाचांदपुर पहुंचेंगे। वहां वे 7,300 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली कई विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे। चूड़ाचांदपुर के बाद प्रधानमंत्री इंफाल जाएंगे, जहां वे 1,200 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। ये परियोजनाएं राज्य के बुनियादी ढांचे, स्वास्थ्य, शिक्षा और सड़क निर्माण से जुड़ी हैं।

समावेशी और सतत विकास पर जोर

मुख्य सचिव गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री का यह दौरा मणिपुर के समावेशी, सतत और समग्र विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। इन परियोजनाओं से राज्य की अर्थव्यवस्था को भी गति मिलेगी। अपने दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी चूड़ाचांदपुर और इंफाल दोनों स्थानों पर आंतरिक रूप से विस्थापित लोगों से भी मुलाकात करेंगे। यह मुलाकात मणिपुर में लंबे समय से जारी जातीय और सामाजिक तनाव की पृष्ठभूमि में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

सुरक्षा व्यवस्था के सख्त इंतजाम

प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए प्रशासन ने चूड़ाचांदपुर और इंफाल में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त बल तैनात किया गया है। पीएम मोदी का यह दौरा ऐसे समय हो रहा है जब मणिपुर सामाजिक अस्थिरता और विकास की चुनौतियों से जूझ रहा है। ऐसे में यह यात्रा राज्य के लिए नई ऊर्जा और विश्वास लेकर आ सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *