कुलगाम मुठभेड़ में एक आतंकी ढेर, सेना का जवान घायल

Terrorist killed in Kulgam: (श्रीनगर): जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में सोमवार को हुई मुठभेड़ में एक आतंकवादी मारा गया, जबकि भारतीय सेना का एक जवान घायल हो गया। यह मुठभेड़ जिले के गुडार वन क्षेत्र में हुई, जहां आतंकियों की मौजूदगी की सूचना पर सुरक्षा बलों ने तलाशी अभियान चलाया था।

अधिकारियों ने बताया ऑपरेशन के दौरान आतंकवादियों ने सुरक्षा बलों पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में सुरक्षाबलों ने भी मोर्चा संभाला और मुठभेड़ शुरू हो गई। इस दौरान एक आतंकवादी मारा गया और एक जूनियर कमीशंड ऑफिसर (JCO) घायल हो गया, जिसे तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

खुफिया इनपुट पर शुरू हुआ ऑपरेशन

सेना की श्रीनगर स्थित चिनार कोर ने ‘एक्स’ पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि जम्मू-कश्मीर पुलिस को मिले खुफिया इनपुट के आधार पर ऑपरेशन शुरू किया गया था। चिनार कोर के अनुसार, भारतीय सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ ने संयुक्त रूप से कुलगाम के गुडार जंगल में आतंकवादियों के खिलाफ यह अभियान चलाया। सतर्क सैनिकों ने संदिग्ध गतिविधि देखी और आतंकियों को ललकारा। जवाब में आतंकियों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद भीषण गोलीबारी हुई।” जवाबी कार्रवाई में एक आतंकी मारा गया।

इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी

चिनार कोर के अनुसार, फिलहाल इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है और अन्य आतंकियों की तलाश की जा रही है। पूरे गुडार वन क्षेत्र को घेर लिया गया है ताकि कोई भी आतंकी भागने में सफल न हो सके। स्थानीय पुलिस और सेना की टीमें इलाके की गहन तलाशी ले रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *