CM सैनी ने जलभराव से प्रभावित कुरुक्षेत्र इलाके का किया दौरा, स्थायी समाधान के लिए दिया निर्देश

CM Saini visited Kurukshetra: (कुरुक्षेत्र): मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जलभराव से प्रभावित कुरुक्षेत्र के विभिन्न क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया और अधिकारियों को स्थायी समाधान के लिए विशेष योजना तैयार करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों से आए पानी के कारण जलभराव की स्थिति उत्पन्न हुई है, जिसे भविष्य में रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे।

किसानों को दी राहत योजना का भरोसा

मुख्यमंत्री ने झांसा हेड पर मारकंडा, एसवाईएल और भाखड़ा कईया क्षेत्रों का दौरा किया और प्रभावित नागरिकों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अपने नुकसान की भरपाई के लिए ई-क्षतिपूर्ति पोर्टल पर आवेदन करें, जिससे सरकार फसलों और अन्य नुकसान का उचित मूल्यांकन कर राहत प्रदान कर सके।

जल्द शुरू होगी सड़कों और मकानों की मरम्मत

मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि जलभराव की स्थिति के कारण कुछ घरों में पानी घुसने से नुकसान हुआ है, विशेषकर कच्ची छत वाले मकानों में रहने वाले परिवारों को पहले भी सरकार ने पक्का मकान निर्माण के लिए आर्थिक सहायता जारी की थी, लेकिन जलभराव के कारण निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया था। जलभराव की स्थिति समाप्त होते ही यह निर्माण कार्य फिर से शुरू किया जाएगा।

इसके अतिरिक्त, सीएम सैनी ने प्रदेश की टूटी-फूटी सड़कों, पुलों और बांधों की मरम्मत एवं निर्माण कार्य शीघ्र शुरू करने की बात कही। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए विशेष योजना तैयार करें, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति उत्पन्न न हो।

ग्रामीणों से बातचीत कर समस्याओं को समझा

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने तंगोर, कठवा, कलसाना समेत अन्य प्रभावित गांवों का भी दौरा किया और झांसा जाते समय ठोल व नलवी गांवों में ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याओं को समझा। उन्होंने कहा कि सरकार जनता के लिए पूरी तरह तत्पर है और किसी भी तरह की कठिनाई को दूर करने के लिए हर संभव प्रयास करेगी। यह सुनिश्चित किया जाएगा कि जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान निकाला जाए ताकि भविष्य में कोई भी नागरिक इस तरह की आपदा से प्रभावित न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *