PM Modi on Vote Adhikar Yatra (पटना): प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को विपक्षी दलों राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि बिहार में ‘वोटर अधिकार यात्रा’ के दौरान उनकी दिवंगत मां के लिए अपशब्द कहे जाने की घटना से उन्हें गहरा दुख पहुंचा है। उन्होंने कहा कि वे व्यक्तिगत रूप से इस अपमान को माफ कर सकते हैं, लेकिन बिहार की जनता इन दलों को कभी माफ नहीं करेगी।
दरभंगा की घटना पर पहली बार दी प्रतिक्रिया
प्रधानमंत्री मोदी की यह टिप्पणी हाल ही में दरभंगा में आयोजित कांग्रेस की ‘वोटर अधिकार यात्रा’ के दौरान मंच से उनकी मां के लिए अशोभनीय भाषा का इस्तेमाल किए जाने पर आई है। इस विषय पर यह उनकी पहली सार्वजनिक प्रतिक्रिया थी। पीएम मोदी ने कहा, “मेरी दिवंगत मां का राजनीति से कोई लेना-देना नहीं था, तो उनका क्या दोष था? उनके लिए अपशब्द क्यों कहे गए?” मोदी ने इस अवसर पर कहा कि यह हमला सिर्फ उनकी मां पर नहीं, बल्कि बिहार की सभी माताओं और बेटियों के सम्मान पर है।
बिहार की संस्कृति पर दिया जोर
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में बिहार की महिला-सम्मान की परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा, “बिहार मां जानकी की धरती है। यहां छठ पूजा जैसे पर्वों से महिलाओं का सम्मान होता है। मैंने कभी सोचा भी नहीं था कि राजद और कांग्रेस के मंच से मेरी मां को अपशब्द कहे जाएंगे। उन्होंने कहा कि यह घटना सिर्फ एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि समाज की चेतना और संस्कृति पर हमला है। राज्य की जनता ऐसे लोगों को जवाब जरूर देगी।
मैं अपना दर्द समझ रहा
पीएम मोदी ने कहा, “मैं अपनी मां का बेटा हूं, अपना दर्द साझा कर रहा हूं। “मेरी मां ने कभी अपने लिए साड़ी तक नहीं खरीदी, हमारे लिए पैसे बचाकर रखती थीं। उन्होंने मुझसे कहा था कि मातृभूमि की सेवा करना, मैं वही कर रहा हूं।” “मां का स्थान भगवान से भी बढ़कर होता है। जो लोग माताओं को अपशब्द कहते हैं, वे महिलाओं को कमजोर समझते हैं।”
राजद पर महिला विरोधी मानसिकता का आरोप
प्रधानमंत्री ने कहा कि राजद के शासनकाल में अपराध, हत्या, बलात्कार और रंगदारी चरम पर थी। उन्होंने आरोप लगाया कि महिलाओं को सबसे ज्यादा अत्याचार उन्हीं दिनों झेलना पड़ा। “राजद की सरकार हत्यारों और बलात्कारियों को संरक्षण देती थी। जब जनता ने उन्हें सत्ता से बाहर किया, तो अब ये दल महिलाओं से बदला लेना चाहते हैं। मोदी ने यह भी कहा कि कांग्रेस को कभी यह सहन नहीं होता कि कोई पिछड़े वर्ग का व्यक्ति सत्ता में आए और यही वजह है कि वे व्यक्तिगत हमलों पर उतर आए हैं।
बिहार की जनता को जवाब देने की अपील
प्रधानमंत्री ने जनता से अपील करते हुए कहा, “मैं तो उन्हें माफ कर सकता हूं, लेकिन बिहार की जनता नहीं करेगी। आने वाले चुनावों में वे राजद और कांग्रेस को इसका जवाब देंगे। उन्होंने कहा कि हर गली-मोहल्ले से एक ही आवाज उठनी चाहिए…“हम एक मां का अपमान बर्दाश्त नहीं करेंगे। हम राजद का अत्याचार और कांग्रेस के हमले बर्दाश्त नहीं करेंगे।”