PM Modi Tokyo Speech: (टोक्यो): प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि भारत और जापान की साझेदारी एशिया को स्थिरता, समृद्धि और प्रगति की दिशा में आगे बढ़ा सकती है। उन्होंने कहा कि जापान की तकनीक और भारत की क्षमता मिलकर एक ऐसी शक्ति बन सकती है, जो पूरी दुनिया की मदद कर सकती है।
पीएम मोदी जापान की राजधानी टोक्यो में भारत-जापान आर्थिक मंच को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भारत निवेश के लिए एक सुरक्षित और भरोसेमंद देश बन चुका है। यहां राजनीतिक और आर्थिक स्थिरता है, नीति में पारदर्शिता है और फैसले पहले से समझ में आने वाले होते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि भारत में पूंजी सिर्फ बढ़ती नहीं, बल्कि कई गुना बढ़ती है।
भारत बनेगा दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था
प्रधानमंत्री ने बताया कि भारत आज दुनिया की सबसे तेज़ी से बढ़ती अर्थव्यवस्था है और आने वाले समय में यह दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा। उन्होंने कहा कि भारत ने नए क्षेत्रों में तेजी से काम शुरू किया है, जैसे कृत्रिम मेधा (एआई), सेमीकंडक्टर, जैव प्रौद्योगिकी, क्वांटम कंप्यूटिंग और अंतरिक्ष विज्ञान। उन्होंने भरोसा जताया कि जापान की तकनीक और भारत की प्रतिभा मिलकर इस सदी की तकनीकी क्रांति में बड़ी भूमिका निभा सकती हैं।
जापान हमेशा से भारत का भरोसेमंद साथी
पीएम मोदी ने कहा कि भारत और जापान की साझेदारी पहले से ही मजबूत रही है। मेट्रो परियोजनाओं, कार निर्माण, स्टार्टअप्स और सेमीकंडक्टर जैसे क्षेत्रों में दोनों देशों ने मिलकर काम किया है। अब यह भागीदारी रोबोटिक्स, जहाज निर्माण और परमाणु ऊर्जा जैसे नए क्षेत्रों में आगे बढ़ रही है। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि भारत जापानी कंपनियों को ‘ग्लोबल साउथ’ यानी विकासशील देशों तक पहुंचने के लिए एक मजबूत आधार दे सकता है। खासकर अफ्रीका जैसे क्षेत्रों में भारत और जापान मिलकर आर्थिक और तकनीकी विकास में बड़ा योगदान दे सकते हैं।
उन्होंने कहा कि जापान भारत का एक भरोसेमंद साझेदार रहा है और भविष्य में यह साझेदारी और गहरी होगी। प्रधानमंत्री मोदी की यह दो दिवसीय जापान यात्रा ऐसे समय में हो रही है जब अमेरिका के साथ व्यापार और शुल्क को लेकर भारत के संबंध तनावपूर्ण बने हुए हैं। ऐसे में जापान के साथ संबंधों को और मजबूत करना भारत के लिए सामरिक और आर्थिक दृष्टि से बहुत जरूरी है।