सीएम रेखा गुप्ता पर हमला करने वाले आरोपी को 5 दिन की पुलिस हिरासत, जांच में हो सकते हैं बड़े खुलासे

attacked on CM Rekha Gupta:(नई दिल्ली) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर उनके कैंप कार्यालय में बुधवार सुबह ‘जन सुनवाई’ कार्यक्रम के दौरान हमला हुआ। इस मामले में गिरफ्तार किए गए आरोपी को अदालत ने पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है। अदालत के सूत्रों ने यह जानकारी दी है।

बता दें कि यह हमला बुधवार सुबह करीब 8:15 बजे उस समय हुआ, जब मुख्यमंत्री अपने सिविल लाइंस स्थित कैंप कार्यालय में ‘जन सुनवाई’ कार्यक्रम के तहत लोगों से मुलाकात कर रही थीं। इस हमले को लेकर मुख्यमंत्री कार्यालय ने कहा है कि यह घटना “मुख्यमंत्री की हत्या की सुनियोजित साजिश” का हिस्सा है।

आरोपी की पहचान

सूत्रों के अनुसार, आरोपी की पहचान सकारिया राजेशभाई खिमजीभाई के रूप में हुई है, जिसकी उम्र 41 वर्ष है। वह गुजरात के राजकोट का निवासी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी दो दिन पहले दिल्ली आया था और उत्तरी दिल्ली के सिविल लाइंस क्षेत्र में रुका हुआ था। पुलिस फिलहाल उसके दिल्ली आने और मुख्यमंत्री पर हमला करने की मंशा की जांच कर रही है।

आरोपी की हुई मजिस्ट्रेट के घर पर पेशी

सूत्रों ने बताया कि आरोपी को बुधवार देर रात दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के द्वारका में स्थित एक मजिस्ट्रेट के निजी निवास पर पेश किया गया। आरोपी को तीस हजारी अदालत परिसर में किसी भी मजिस्ट्रेट के सामने पेश नहीं किया गया। अदालत ने सुनवाई के बाद आरोपी को पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया।

109(1) हत्या का प्रयास के तहत मामला दर्ज

दिल्ली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109(1) (हत्या का प्रयास) के तहत मामला दर्ज किया है। साथ ही, उस पर लोक सेवक को उसके कर्तव्य के निर्वहन में बाधा डालने का भी आरोप लगाया गया है। मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकारियों ने बताया कि हमले के बाद मुख्यमंत्री की चिकित्सकीय जांच कराई गई और उनका एमएलसी (मेडिको लीगल केस) भी दर्ज किया गया। उनकी स्थिति स्थिर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *