उत्तरकाशी में बादल फटने पर पीएम ने जताया दुख, दिया हर संभव मदद का भरोसा

PM Modi on Uttarkashi Cloudburst: उत्तरकाशीः प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तरकाशी के धराली क्षेत्र में मंगलवार को बादल फटने के कारण आई अचानक बाढ़ से मची भारी तबाही पर गहरा दुख व्यक्त किया है। इस प्राकृतिक आपदा में कम से कम चार लोगों की जान चली गई, जबकि कई मकान, होटल और अन्य संपत्तियां बर्बाद हो गईं। घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने प्रभावित लोगों के प्रति अपनी संवेदना प्रकट की है। साथ ही हर संभव मदद का भरोसा दिया है।

सीएम धामी से की बात

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, “मैं उत्तरकाशी के धराली में हुई इस त्रासदी से प्रभावित लोगों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं। सभी प्रभावित लोगों की कुशलता की कामना करता हूं। मैंने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से बात कर स्थिति की जानकारी ली है।” प्रधानमंत्री ने यह भी आश्वासन दिया कि केंद्र सरकार की ओर से हर संभव सहायता दी जाएगी और राहत-बचाव कार्यों में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने कहा, “राहत एवं बचाव दल अपने काम में लगे हुए हैं। लोगों को हर संभव सहायता पहुंचाई जा रही है।”

भेजी गई रेस्क्यू टीम

मौके पर स्थिति की गंभीरता को देखते हुए हर्षिल से सेना की एक टुकड़ी तुरंत घटनास्थल पर रवाना की गई। इसके अलावा आईटीबीपी और एनडीआरएफ की टीमें भी राहत कार्यों में जुटी हुई हैं। धराली, गंगोत्री धाम जाने वाले मार्ग पर स्थित एक प्रमुख पर्यटन स्थल है, जहां बड़ी संख्या में होटल, रेस्टोरेंट और होमस्टे हैं। बाढ़ से इन सुविधाओं को भी भारी नुकसान पहुंचा है। ग्रामीणों के मुताबिक, बाढ़ इतनी तेज थी कि लोगों को संभलने का मौका भी नहीं मिला।

भारी बारिश का अलर्ट

सरकार और स्थानीय प्रशासन द्वारा बचाव कार्यों को तेज गति से चलाया जा रहा है, ताकि प्रभावित लोगों को जल्द राहत पहुंचाई जा सके। वहीं, मौसम विभाग ने पहाड़ी क्षेत्रों में और बारिश की संभावना जताई है, जिससे सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *