स्वच्छता अभियान पर दिल्ली सरकार की समीक्षा बैठक, सीएम रेखा गुप्ता ने दिए ये सख्त निर्देश

CM Rekha Gupta meeting: (नई दिल्ली): दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को सचिवालय में स्वच्छता अभियान की तैयारियों को लेकर एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में शहरी विकास मंत्री श्री आशीष सूद, दिल्ली शहरी आश्रय सुधार बोर्ड (DUSIB) और अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि स्वच्छता अभियान को केवल एक प्रशासनिक कार्यवाही न मानते हुए इसे जनभागीदारी पर आधारित ठोस पहल बनाया जाए। उन्होंने सभी विभागों को निर्देशित किया कि वे व्यावहारिक, ठोस और समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करें, जिसे ज़मीनी स्तर पर पूरी गंभीरता से लागू किया जा सके। मुख्यमंत्री कार्यालय ने ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए कहा, “स्वच्छता अभियान को प्रभावी बनाने के लिए सभी विभागों को सामूहिक रूप से जिम्मेदारी निभानी होगी।”

चलेगा विशेष स्वच्छता अभियान

बैठक के बाद शहरी विकास मंत्री आशीष सूद ने बताया कि स्वच्छता अभियान 1 अगस्त से शुरू होकर पूरे महीने चलेगा। अभियान की शुरुआत के पहले तीन दिन सरकारी स्कूलों, कॉलेजों और कार्यालय परिसरों की सफाई से की जाएगी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री स्वयं अपने कार्यालय में सफाई अभियान में भाग लेंगी, ताकि एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया जा सके।

झुग्गी-झोपड़ी क्षेत्रों पर रहेगा विशेष फोकस

मंत्री सूद ने बताया कि विशेष तिथियों पर दिल्ली की झुग्गी-झोपड़ी (जेजे) बस्तियों में भी सफाई अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए दिल्ली शहरी आश्रय सुधार बोर्ड और नगर निगम को निर्देश दिए गए हैं कि वे स्थानीय समुदायों, जनप्रतिनिधियों और स्वयंसेवी संगठनों के साथ मिलकर इस कार्य को सुनिश्चित करें।

अभियान की होगी साप्ताहिक समीक्षा

सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि अभियान की प्रभावशीलता के लिए नियमित निगरानी आवश्यक है। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी विभाग अपनी साप्ताहिक प्रगति रिपोर्ट मुख्यमंत्री कार्यालय को प्रस्तुत करें, जिससे काम की गति और गुणवत्ता पर नजर रखी जा सके। मुख्यमंत्री गुप्ता ने अंत में कहा कि यह स्वच्छता अभियान केवल सरकारी निर्देशों का पालन भर नहीं है, बल्कि यह राजधानी को स्वच्छ, सुंदर और स्वास्थ्यप्रद बनाने की दिशा में सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अपील की कि हर नागरिक इसमें भागीदार बने, ताकि दिल्ली को एक स्वच्छ शहर के रूप में स्थापित किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *