Himachal rain alert and landslide:(शिमला): हिमाचल प्रदेश के शिमला सहित कई हिस्सों में बीती रात से लगातार बारिश हो रही है, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि प्रदेश में 25 जुलाई तक लगातार बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।
शनिवार को मौसम विभाग ने ऊना, हमीरपुर और मंडी जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है, जबकि अन्य जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिल रही है। रविवार यानी 21 जुलाई को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इसको देखते हुए 9 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
22 जुलाई को और भी भारी बारिश की चेतावनी
22 जुलाई को कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और सिरमौर जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इन जिलों में तेज़ हवाओं और भारी वर्षा के चलते भूस्खलन और बाढ़ जैसे हालात बन सकते हैं। प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्रों में अलर्ट जारी कर टीमों को सतर्क कर दिया है।
सड़कें, बिजली और जलापूर्ति पर असर
लगातार बारिश के चलते प्रदेश में 146 सड़कें बंद हो गई हैं, जिससे आवागमन बुरी तरह बाधित है। 28 विद्युत ट्रांसफॉर्मर बंद हो चुके हैं और 58 जलापूर्ति योजनाएं प्रभावित हुई हैं। ग्रामीण इलाकों में कई जगह संपर्क टूट गया है, जिससे लोगों को दैनिक जरूरतों को पूरा करने में कठिनाई हो रही है।
मानसून में अब तक का नुकसान
हिमाचल में इस मानसून सीजन में अब तक 119 लोगों की मौत हो चुकी है और सरकार के अनुसार 1223 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हो चुका है। मृतकों में अधिकतर लोग बारिश जनित हादसों, जैसे भूस्खलन, मकान ढहने और पानी में बहने की घटनाओं में मारे गए हैं।
सुरक्षा और सावधानी की अपील
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे नदी-नालों के पास न जाएं, पहाड़ी क्षेत्रों में अनावश्यक यात्रा से बचें और मौसम विभाग द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें।