Patna Hospital Murder Case: (कोलकाता): पटना के एक निजी अस्पताल में गैंगस्टर चंदन मिश्रा की गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले में कोलकाता के पास ‘न्यू टाउन’ इलाके से पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। साथ ही, आनंदपुर क्षेत्र से भी पांच संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। शनिवार को पश्चिम बंगाल पुलिस और बिहार पुलिस के संयुक्त विशेष कार्य बल (STF) ने यह कार्रवाई की।
छापेमारी की गिरफ्तारी
पुलिस ने बताया कि शनिवार सुबह करीब 5:38 बजे की गई छापेमारी के दौरान एक व्यक्ति को आवासीय परिसर के बाहर से पकड़ा गया। उसकी निशानदेही पर दो फ्लैटों से चार अन्य लोगों को गिरफ्तार किया गया। ये सभी न्यू टाउन इलाके के एक रिहायशी परिसर में रह रहे थे। अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार किए गए पांचों लोगों पर आरोप है कि उन्होंने चंदन मिश्रा की हत्या के मुख्य आरोपियों को आश्रय दिया और उनके आने-जाने में मदद की। पुलिस ने सभी आरोपियों के मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त कर लिए हैं। उनकी कॉल डिटेल्स और व्हाट्सऐप चैट की जांच की जा रही है। मोबाइल टावर की लोकेशन ट्रैक कर इनकी पहचान की गई।
मुख्य आरोपी फरार
सीसीटीवी फुटेज में दिखा है कि मिश्रा की हत्या के प्रमुख संदिग्ध एक सफेद वाहन से फरार हुए। यह वाहन बसंती राजमार्ग और फिर आनंदपुर, कोलकाता लेदर कॉम्प्लेक्स तथा भांगर थाना क्षेत्रों से गुजरता देखा गया है। वाहन की तलाश जारी है।
अस्पताल में कैसे हुई हत्या
गुरुवार सुबह पांच हथियारबंद हमलावर पटना के एक निजी अस्पताल में दाखिल हुए और सीधे ICU तक पहुंचे। वहां उन्होंने चंदन मिश्रा को गोली मार दी और फरार हो गए। मिश्रा, जो बिहार के बक्सर जिले का रहने वाला था, हत्या समेत 24 आपराधिक मामलों में शामिल था और फिलहाल जेल से इलाज के लिए पैरोल पर बाहर था।
सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
पटना (मध्य) की पुलिस अधीक्षक दीक्षा ने बताया कि यह जांच का विषय है कि हमलावर कैसे अस्पताल की सुरक्षा को भेदकर सीधे मरीज तक पहुंचे। बिना मास्क और सुरक्षा जांच के ICU तक पहुंचना गंभीर चूक मानी जा रही है। बिहार पुलिस गिरफ्तार आरोपियों को स्थानीय अदालत में पेश कर ट्रांजिट रिमांड की मांग करेगी ताकि उन्हें पटना लाकर आगे की पूछताछ की जा सके।