Rajasthan Rain (जयपुर): बादलों की मेहरबानी से तपते रेगिस्तान की प्यास भी बुझने लगी है। बीते 24 घंटे में राजस्थान के कई जिलों में बादलों ने मूसलाधार बारिश की है। राजस्थान में मानसून के सक्रिय होने के चलते अधिकांश हिस्सों में भारी बारिश का सिलसिला जारी है। इसके चलते भारी जलभराव होने से सामान्य जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों के लिए कई जिलों में अभी अत्यंत भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है।
बारिश के आंकड़े और प्रमुख प्रभावित इलाके
पिछले 24 घंटों में राजस्थान के कई स्थानों पर तेज़ बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार सुबह तक दर्ज की गई बारिश के आंकड़े इस प्रकार हैं।
बिजोलिया (भीलवाड़ा) में सर्वाधिक 183.0 मिमी
भैंसरोडगढ़ (चित्तौड़गढ़) में 174 मिमी
मकराना (नागौर) में 136 मिमी
निवाई (टोंक) में 127 मिमी
मंडाना (कोटा) में 117 मिमी
सांभर (जयपुर) में 102 मिमी बारिश हुई।
भविष्यवाणी और चेतावनी
मौसम विभाग ने 15 जुलाई को कोटा, अजमेर, जोधपुर संभाग के कुछ हिस्सों में भारी से अत्यंत भारी बारिश की संभावना जताई है। इसके अलावा बीकानेर, जयपुर, भरतपुर संभाग में भी मध्यम से भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। वहीं 16 जुलाई को जोधपुर, बीकानेर और अजमेर संभागों में भारी वर्षा की संभावना है। जबकि 17 जुलाई से पूर्वी राजस्थान में वर्षा की तीव्रता में कमी आने की संभावना है। 18 जुलाई से पश्चिमी राजस्थान में भी वर्षा में गिरावट देखी जा सकती है।
जनजीवन पर असर और रेलवे सेवाएं प्रभावित
लगातार हो रही भारी बारिश से कई शहरों और कस्बों के निचले इलाकों में जलभराव हो गया है, जिससे यातायात और दैनिक जीवन में खलल पड़ा है। वर्षाजनित घटनाओं से कुछ स्थानों पर जानमाल के नुकसान की भी खबरें सामने आई हैं। बारिश का असर रेल सेवाओं पर भी पड़ा है। पाली मारवाड़-बोमादड़ा रेलखंड में जलभराव के कारण साबरमती-जोधपुर एक्सप्रेस को मंगलवार को रद्द करना पड़ा।