CM Nayab Singh Saini: (गुरुग्राम): हरियाणा ने लॉजिस्टिक्स और औद्योगिक बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज की है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मंगलवार को गुरुग्राम के मानेसर स्थित मारुति प्लांट में देश के सबसे बड़े गति शक्ति मल्टी-मॉडल कार्गो टर्मिनल का भव्य लोकार्पण किया। इस अवसर पर दोनों नेताओं ने टर्मिनल से पहली कार्गो ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना भी किया। इस अभूतपूर्व परियोजना पर ₹1,17,091 मिलियन की लागत आई है, जिसमें हरियाणा रेल इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड की 55.4%, एचएसआईआईडीसी की 19% और गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण की 5% भागीदारी है।
हरियाणा की विकास यात्रा में एक स्वर्णिम अध्याय
मुख्यमंत्री सैनी ने इसे हरियाणा की विकास यात्रा में एक स्वर्णिम अध्याय बताते हुए कहा यह टर्मिनल केवल एक ढांचा नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के ‘विकसित भारत’ के सपने को साकार करने की दिशा में एक मील का पत्थर है।” उन्होंने बताया कि इस टर्मिनल के माध्यम से मानेसर और गुरुग्राम में बनीं गाड़ियाँ देश के 17 लॉजिस्टिक्स हब और 380 शहरों तक पहुँचेंगी, साथ ही पीपावाव और मुंद्रा बंदरगाहों तक निर्यात भी किया जाएगा।
रेलवे बजट में ऐतिहासिक वृद्धि और आधुनिकता की ओर कदम
इस अवसर पर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में रेलवे ने ऐतिहासिक प्रगति की है। उन्होंने बताया कि रेलवे का वार्षिक बजट 2014 में ₹25,000 करोड़ था, जो अब बढ़कर ₹2.5 लाख करोड़ हो गया है। रेल मंत्री ने आगे बताया कि आने वाले समय में रेलवे नेटवर्क में 100 नई मेन लाइन ईएमयू (MEMU) गाड़ियाँ और 50 नई ‘नमो भारत’ ट्रेनें जोड़ी जाएंगी।
हरियाणा में रेलवे नेटवर्क का तेजी से विस्तार
हरियाणा में रेलवे नेटवर्क के विकास की बात करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में सभी रेलवे लाइनों का शत-प्रतिशत विद्युतीकरण हो चुका है और 823 किलोमीटर नए ट्रैक बिछाए जा चुके हैं। हरियाणा को 34 अमृत भारत स्टेशन मिलने जा रहे हैं और 540 ओवरब्रिज व अंडरपास पहले ही बनाए जा चुके हैं। इस अवसर पर मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड के सीईओ हिसाशी ताकेउची ने मुख्यमंत्री और रेल मंत्री का स्वागत करते हुए इसे उद्योग जगत के लिए एक महत्वपूर्ण दिन बताया।
उद्योग और बुनियादी ढांचे को मिलेगी नई रफ्तार
लोकार्पण समारोह में हरियाणा के उद्योग मंत्री राव नरबीर सिंह, गुरुग्राम के विधायक मुकेश शर्मा, उत्तर रेलवे के जीएम अशोक कुमार वर्मा, एचआरआईडीसी के एमडी नरेंद्र डी. चंबुर, तथा मारुति सुजुकी के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। यह गति शक्ति मल्टी-मॉडल कार्गो टर्मिनल न केवल हरियाणा, बल्कि पूरे भारत के लॉजिस्टिक्स क्षेत्र में एक क्रांतिकारी बदलाव लेकर आएगा, जिससे देश की वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला से कनेक्टिविटी और सशक्त होगी।