केदारनाथ जा रहा हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त, पायलट समेत सात लोगों की मौत

Kedarnath Helicopter crash

Kedarnath Helicopter crashः उत्तराखंड में चारधाम यात्रा के दौरान एक बार फिर बड़ा हादसा हुआ है। रविवार सुबह केदारनाथ से गुप्तकाशी जा रहा एक निजी कंपनी का हेलीकॉप्टर गौरीकुंड के जंगलों में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में हेलीकॉप्टर में सवार सात लोगों की मौत हो गई है, जिनमें पायलट, छह श्रद्धालु और एक मासूम बच्चा भी शामिल है।

यह घटना सुबह लगभग साढ़े पांच बजे की बताई जा रही है, जब हेलीकॉप्टर ने केदारनाथ से उड़ान भरी थी। कुछ ही देर बाद वह गौरीकुंड के जंगल क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि शुरुआती जांच के अनुसार, दुर्घटना के समय खराब मौसम घना कोहरा और बारिश हो रही थी जिससे उड़ान में बाधा उत्पन्न हुई।

राहत एवं बचाव कार्य जारी

राहत एवं बचाव दलों को तुरंत मौके के लिए रवाना कर दिया गया है। एसडीआरएफ (राज्य आपदा प्रतिवादन बल), एनडीआरएफ और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंचकर मलबा हटाने और शवों को निकालने में जुटी हुई है। सभी मृतकों की पहचान की जा रही है, और उनके परिजनों को सूचना दी जा रही है।

सीएम पुष्कर सिंह धामी ने व्यक्त किया गहरा दुख

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा, “केदारनाथ से लौटते समय हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने की दुखद सूचना प्राप्त हुई। इस हादसे में कई श्रद्धालुओं की मृत्यु अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। राज्य सरकार राहत एवं बचाव कार्यों में पूरी तरह जुटी है। मृतकों के परिजनों को हरसंभव सहायता दी जाएगी।”

यह पहली बार नहीं है जब चारधाम यात्रा के दौरान हेलीकॉप्टर हादसा हुआ हो। बीते महीने 8 मई को उत्तरकाशी जिले में गंगोत्री धाम की ओर जा रहा एक हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिसमें छह लोगों की मौत हो गई थी। इसके बाद 7 जून को केदारनाथ जा रहे एक अन्य हेलीकॉप्टर को उड़ान भरते ही तकनीकी खराबी के कारण सड़क पर आपात लैंडिंग करनी पड़ी थी। उस घटना में पायलट को कुछ चोटें आई थीं, लेकिन सभी पांच श्रद्धालु सुरक्षित बच गए थे।

(DGCA) ने दिए जांच के आदेश

हादसे की गंभीरता को देखते हुए नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने इस मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। साथ ही चारधाम यात्रा में हेलीकॉप्टर सेवाओं की सुरक्षा जांच को और सख्त करने के निर्देश भी दिए जा रहे हैं। यात्रियों और उनके परिजनों में इस हादसे के बाद गहरी चिंता देखी जा रही है।

श्रद्धालुओं से अपील की

राज्य सरकार ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि मौसम की स्थिति को देखते हुए यात्रा के दौरान पूरी सावधानी बरतें और संबंधित एजेंसियों द्वारा दिए जा रहे दिशा-निर्देशों का पालन करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *