ब्रिटिश उच्चायुक्त लिंडी कैमरन की मोदी से मुलाकात, कहा- भारत के साथ मिलकर करेंगे जांच

अहमदाबाद प्लेन हादसा

Ahmedabad Plane Crash: अहमदाबाद से लंदन के लिए उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद दुर्घटनाग्रस्त हुए एअर इंडिया विमान हादसे पर भारत और ब्रिटेन मिलकर काम कर रहे हैं। शुक्रवार को भारत में ब्रिटिश उच्चायुक्त लिंडी कैमरन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अहमदाबाद में मुलाकात की और हादसे में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

एअर इंडिया के अनुसार, यह बोइंग 787 ड्रीमलाइनर विमान बृहस्पतिवार दोपहर अहमदाबाद हवाई अड्डे से उड़ान भरने के कुछ समय बाद मेडिकल कॉलेज परिसर में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान में 241 यात्री और चालक दल के सदस्य सवार थे। हादसे में कम से कम 265 लोगों की मौत हुई, जिनमें 52 ब्रिटिश नागरिक शामिल थे। एकमात्र जीवित बचे व्यक्ति की पहचान एक ब्रिटिश नागरिक के रूप में हुई है।

ब्रिटिश उच्चायुक्त कैमरन ने किया दुर्घटनास्थल और अस्पताल का दौरा

ब्रिटिश उच्चायुक्त कैमरन ने बताया मैं कल से अहमदाबाद में हूं। मैंने दुर्घटनास्थल और अस्पताल का दौरा किया है, राहत कार्य में जुटे कर्मियों से मुलाकात की और प्रधानमंत्री मोदी से बातचीत की है। ब्रिटेन और भारत मिलकर इस हादसे की जांच कर रहे हैं ताकि इसके कारणों का सही-सही पता लगाया जा सके। प्रधानमंत्री मोदी ने भी शुक्रवार को दुर्घटनास्थल और सिविल अस्पताल का दौरा किया, जहां उन्होंने जीवित बचे यात्री और घायलों से मुलाकात की।

PM कीर स्टार्मर और विदेश मंत्री नें व्यक्त कीं संवेदनाएं

कैमरन ने ब्रिटिश किंग चार्ल्स तृतीय, प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर और विदेश मंत्री की ओर से संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा हम भारत सरकार के राहत प्रयासों की सराहना करते हैं और पीड़ितों के परिजनों को हरसंभव सहायता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।ब्रिटेन सरकार ने प्रभावित नागरिकों की सहायता के लिए 24 घंटे चालू काउंसलर हेल्पलाइन भी सक्रिय कर दी है। हादसे के बाद कैमरन ने गांधीनगर स्थित स्वामीनारायण अक्षरधाम मंदिर में प्रार्थना की और शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *