Delhi Chunav 2025 Voting Update: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान जारी है। थोड़ी देर में शाम 6 बजे मतदान प्रक्रिया बंद हो जाएगी। चुनाव आयोग के अनुसार शाम पांच तक 57.78 फीसदी मतदान हो चुका है। बता दें कि, आज राजधानी की सभी 70 सीटों पर सुबह सात बजे से वोटिंग चालू है। चुनाव आयोग ने सभी सीटों पर एक चरण के तहत चुनाव कराने का फैसला किया था।
दिल्ली चुनाव के परिणाम शनिवार 8 फरवरी को घोषित किए जाएंगे। इस चुनाव में कुल 1.56 करोड़ से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान केंद्रों की संख्या 13,766 और इस चुनाव में 699 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। सुरक्षा के लिए, चुनाव आयोग ने 42 हजार पुलिस जवान और अर्धसैनिक बलों को तैनात किया है, और सभी मतदान केंद्रों पर सीसीटीवी से निगरानी की जा रही है।
दोपहर 3 बजे तक 46.4 फीसदी मतदान
चुनाव आयोग के मुताबिक, दोपहर 3 बजे तक 46.4 फीसदी मतदान हुआ। दोपहर 3 बजे तक मुस्तफाबाद में सबसे ज्यादा 56.12 फीसदी वोटिंग हुई। वहीं, करोल बाग और चांदनी चौक सबसे निचले स्थान पर हैं, जहां दोपहर तीन बजे तक करीब 40 फीसदी मतदान हुआ।
मुस्तफाबाद में सबसे ज्यादा मतदान
दिल्ली चुनाव में दोपहर एक बजे तक 33.16 फीसदी वोटिंग हुई। जिसमें सबसे ज्यादा मतदान मुस्तफाबाद विधानसभा सीट पर हुआ। इस सीट पर दोपहर एक बजे तक 42.55 फीसदी मतदान हुआ है।
दोपहर एक बजे तक 33.31 फीसदी वोटिंग…
सेंट्रल दिल्ली- 29.74 फीसदी मतदान
पूर्वी दिल्ली- 33.66 फीसदी वोटिंग
नई दिल्ली- 29.89 प्रतिशत मतदान
उत्तर दिल्ली- 32.44 परसेंट वोटिंग
उत्तर पूर्वी दिल्ली-39.51 फीसदी मतदान
उत्तर पश्चिमी दिल्ली- 33.17 प्रतिशत वोटिंग
शाहदरा- 35.81 परसेंट मतदान
दक्षिण दिल्ली- 32.67 फीसदी वोटिंग
दक्षिण पूर्वी दिल्ली- 32.27 प्रतिशत मतदान
दक्षिण पश्चिमी दिल्ली- 35.44 फीसदी वोटिंग
पश्चिमी दिल्ली- 30.87 परसेंट मतदान
आम आदमी पार्टी ने लगाए आरोप…
दिल्ली चुनाव के बीच आम आदमी पार्टी के संरक्षक अरविंद केजरीवाल ने बड़ा आरोप लगाया है। राघव चड्ढा के ट्वीट को शेयर करते हुए उन्होंने कहा, ये तो हद हो गई। रिलीवर को कैसे अंदर नहीं जाने दोगे? अंदर वाले बूथ एजेंट को अगर टॉयलेट जाना है तो क्या उसे बंदी बनाकर रखोगे? उसकी जगह रिलीवर तो जाएगा। ये तो मानवाधिकार का उल्लंघन (human rights violation) है। आप बूथ एजेंट्स को बंदी बनाकर कैसे रख सकते हो?
आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा का कहना है कि नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र के कई इलाकों से शिकायत आ रही है कि रिलीवर को मतदान केंद्र के अंदर नहीं जाने दिया जा रहा है। अगर रिलीवर अंदर नहीं जाएगा और हमारा पोलिंग एजेंट बाहर नहीं आएगा तो कितना मतदान हुआ, यह कैसा पता चलेगा। साथ ही उन्होंने कहा कि, फर्जी वोटिंग या विवाद तो नहीं हुआ और ईवीएम ठीक काम कर रही है या नहीं। ये सभी चीजें आधिकारिक तौर पर सामने नहीं आ सकती हैं।
सीलमपुर में फर्जी मतदान को लेकर हंगामा
दिल्ली के सीलमपुर में फर्जी मतदान को लेकर बवाल हो गया। बीजेपी का आरोप कि आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता बुर्के की आड़ में फर्जी मतदान करा रहे हैं। जिसके बाद बीजेपी कार्यकर्ताओं ने जमकर बवाल किया। मौके पर तैनात पुलिस ने दोनों दलों के कार्यकर्ताओं को समझाया और मामला शांत कराया।