Parliament Budget Session 2025: संसद के बजट सत्र का आज तीसरा दिन है। आज वक्फ विधेयक को लेकर गठित संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) अपनी रिपोर्ट सदन में पेश कर सकती है। सदन की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी सांसदों ने महाकुंभ भगदड़ को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। विपक्ष बीजेपी पर आरोप लगा रही है कि सरकार मृतकों के आंकड़े छिपा रही है। हम भगदड़ पर चर्चा करना चाहते हैं।
विपक्ष का आरोप है कि यूपी की योगी सरकार मृतकों का सही आंकड़ा छिपा रही है और सरकार को मृतकों की पूरी लिस्ट जारी करना चाहिए। महाकुंभ में श्रद्धालुओं के लिए ठोस व्यवस्था नहीं की गई है जिसकी वजह से भगदड़ की दर्दनाक घटना हुई है। बता दे, राष्ट्रपति के अभिभाषण के साथ बजट सत्र की शुरुआत हुई थी। लोकसभा में कार्यवाही शुरू होती ही विपक्ष ने हंगामा शुरू कर दिया। स्पीकर ओम बिरला ने विपक्षी सांसदों से अपील की कि प्रश्नकाल के दौरान इस तरह का व्यवहार करना ठीक नहीं है।
महाकुंभ भगदड़ को लेकर उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार के खिलाफ राज्यसभा में विपक्षी सांसदों ने नारेबाजी की और सदन से वॉकआउट किया। कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा, हम एक घंटे के लिए सदन से वॉकआउट कर गए। हम फिर से वापस आएंगे और इस मुद्दे को उठाएंगे। हमें फोन आ रहे हैं, लोग रो रहे हैं, वे अपने परिवारों से नहीं मिल पा रहे हैं। हम जानना चाहते हैं कि 30 मृतकों की सूची क्यों जारी नहीं की गई। हमारे नोटिस लगातार खारिज किए जा रहे हैं और इसका कारण भी पता नहीं है।
बीजेपी सांसद और यूपी के पूर्व डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, ये लोग महाकुंभ में किसी घटना के होने का इंतजार कर रहे थे ताकि वे उस पर राजनीति कर सकें। वहां जो घटना हुई वह दुर्भाग्यपूर्ण है। इसकी जांच चल रही है। वहां 40 करोड़ से ज्यादा लोग आ रहे हैं और व्यवस्थाएं बहुत अच्छी हैं। विपक्ष को ऐसी घटनाओं पर राजनीति करना बंद करना होगा।
कांग्रेस और जॉर्ज सोरोस के संबंध उजागर करूंगा- दुबे
वहीं, बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने कहा, मैं 10 सवाल उठाना चाहता हूं, लेकिन विपक्ष मुझे ऐसा करने नहीं दे रहा है। मैं गांधी परिवार और जॉर्ज सोरोस के बीच संबंधों को उजागर करूंगा। जॉर्ज सोरोस के बेटे की बांग्लादेश के सीईओ मोहम्मद यूनुस के साथ एक तस्वीर प्रकाशित हुई है और उनका बेटा 4 दिनों तक बांग्लादेश में रहा। उन्होंने बांग्लादेश को भारत में घुसपैठियों को भेजने और हमारे देश को विभाजित करने का केंद्र बना दिया है, मैं इसका पर्दाफाश करने जा रहा हूं।