Ranji Trophy 2025: ऑस्ट्रेलिया में खेली गई बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के बाद भारतीय दिग्गज बल्लेबाज रोहित शर्मा का बल्ला रणजी ट्रॉफी में भी खामोश है। मुंबई का सामना जम्मू एंड कश्मीर के साथ 23 जनवरी से हो रहा है। इस मैच में सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा और यशस्वी जायसवाल सस्ते में पवेलियन लौट गए। जायसवाल ने 8 गेंदों में 4 रन बनाए जबकि रोहित शर्मा 19 गेंदों में 3 रन बनाकर चलते बने।
रोहित इस तरह रणजी ट्रॉफी में 10 साल बाद वापसी पर फिसड्डी साबित हुए। उन्होंने इससे पहले साल 2015 में यूपी के खिलाफ रणजी ट्रॉफी मैच खेला था, जिसमें उन्होंने शतकीय पारी खेली थी। अब रोहित के खराब प्रदर्शन के बाद फैंस उन्हें खूब ट्रोल कर रहे हैं। हाल ही में समाप्त हुई बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी में रोहित शर्मा ने बहुत निराश किया था। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 3 टेस्ट मैचों में उनके बल्ले से केवल 31 रन निकले थे।
रोहित शर्मा को खराब प्रदर्शन की वजह से फैंस संन्यास लेने की सलाह दे रहे हैं। इस बीच उनकी फॉर्म में वापसी को लेकर उन्हें रणजी ट्रॉफी मैच खेलने के आदेश मिले, लेकिन रणजी ट्रॉफी 2025 में मुंबई के लिए पहला मैच खेलने आए रोहित बल्ले से फ्लॉप रहे। जम्मू एंड कश्मीर के खिलाफ एलीट ग्रुप-ए मैच में रोहित शर्मा केवल 3 रन बनाकर सस्ते में पवेलियन लौटे।
मुंबई की तरफ से यशस्वी जायसवाल के साथ रोहित पारी का आगाज करने आए थे। 19 गेंदों का सामना करते हुए रोहित को मैदान पर रन बनाने के लिए संघर्ष करना पड़ा और जम्मू एंड कश्मीर के बॉलर उमर नाजिर की गेंद पर पीके डोगरा के हाथों कैच आउट हुए। इस पारी के बाद रोहित शर्मा एक बार फिर से आलोचकों के निशाने पर आ गए हैं।
Read Also: Maharashtra: जलगांव रेल हादसे में चायवाले ने फैलाई अफवाह, डिप्टी सीएम अजित पवार ने किया बड़ा खुलासा
रोहित शर्मा का पहला रणजी सीजन
बता दें कि, रोहित शर्मा ने अपना पहला रणजी ट्रॉफी खेल साल 2006-7 सीजन में बंगाल के खिलाफ ईडन गार्डन्स में खेला था। उस मैच में उन्होंने एक बार बैटिंग की थी और 48 गेंदों में रोहित ने 21 रन बनाए थे। रोहित ने अपने पहले रणजी मैच में 9 ओवर गेंदबाजी भी की थी। उनका पहला मैच ड्रॉ रहा था। पहले डेब्यू सीजन में रोहित ने कुल 8 मैच खेले थे, जिसमें एक शतक शामिल रहा। उन्होंने बल्ले से 8 मैचों में 531 रन बनाए थे।