Delhi Chunav 2025 Nomination: देश की राजधानी दिल्ली में विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। आज आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल नामांकन के लिए निकल गए हैं। नामांकन से पहले उन्होंने वाल्मीकि और हनुमान मंदिर में पूजा अर्चना की। आप संयोजक महिलाओं के साथ रैली में जाकर नामांकन कराएंगे। यह उनकी पहले बार की रणनीति होगी कि उनकी रैली में केवल महिलाएं ही शामिल होंगी। इससे पहले वह नामांकन आम जनता के साथ करने जा चुके हैं।
सोमवार को मुख्यमंत्री आतिशी मार्लेना ने रैली निकालकर नामांकन दाखिल किया, इस रैली का नाम नामांकन रैली रखा गया था। आम आदमी पार्टी ने बताया कि केवल रैली ही निकाली जानी थी। उसके अगले दिन मंगलवार को आतिशी ने निर्वाचन कार्यालय जाकर अपना नामांकन कराया।
आम आदमी पार्टी के दूसरे बड़े नेता और पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया आज नामांकन रैली निकालेंगे। जाहिर सी बात है कि आज वह नामांकन नहीं कराएंगे। नामांकन रैली निकालकर आज वह अपना शक्ति प्रदर्शन करेंगे। सिसोदिया इस बार अपनी सीट बदल चुके हैं।
वहीं, आज नई दिल्ली सीट से बीजेपी प्रत्याशी प्रवेश वर्मा भी नामांकन दाखिल करेंगे। सुबह अपने आवास पर पूजा अर्चना के बाद वह अपने परिवार के साथ चांदनी चौक स्थित गौरी शंकर मंदिर पहुंचे। इनके अलावा आप, बीजेपी और कांग्रेस के अन्य नेता भी आज नामांकन कराएंगे।
आज का दिन क्यों खास?
आज का दिन ऐसा क्या है, जो सभी नेताओं में नामांकन करने की होड़ मची हुई हैं। हिंदू पंचांग के अनुसार, आज दोपहर 2.15 से 3 बजे तक विजय मुहूर्त है। इसी की वजह से सभी दलों के नेता आज ही अपना नामांकन दाखिल करना चाहते हैं। आम आदमी पार्टी, कांग्रेस और बीजेपी के कई बड़े नेता आज नामांकन दाखिल करेंगे।