PM Modi Z Morh Tunnel Inauguration: देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जम्मू-कश्मीर के गांदरबल में जेड मोड टनल का उद्घाटन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला, उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी मौजूद रहे। प्रदेश में नई सरकार के गठन के बाद प्रधानमंत्री का यह पहला दौरा है। सामरिक दृष्टिकोण से यह सुरंग बेहद महत्वपूर्ण है। श्रीनगर-कारगिल-लेह राजमार्ग पर जिला गांदरबल में समुद्रतल से 8,650 फीट की ऊंचाई पर 6.5 किलोमीटर लंबी सुरंग बनाई गई है।
प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान न सिर्फ श्रीनगर-कारगिल राष्ट्रीय राजमार्ग पर बल्कि पूरी घाटी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी है। सुरंग के आस पास संवेदनशील इलाकों में सेना और अर्धसैनिक बलों ने गश्त बढ़ा दी है। एसपीजी ने समारोह स्थल को नियंत्रण में ले लिया है। इसके अलावा घाटी में सुरक्षाबलों ने चप्पे-चप्पे पर नजर बनाकर रखी है।
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा कि घाटी में निष्पक्ष और स्वतंत्र तरीके से चुनाव कराए गए हैं। लोग सवाल करते हैं कि जम्मू कश्मीर को रियासत का दर्जा कब मिलेगा तो मैं जवाब देता हूं कि मुझे पूरा यकीन है कि प्रधानमंत्री जी ने योग दिवस के मौके पर जो यहां राज्य का दर्जा देने का वादा किया है, पूरा करेंगे। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने अपने संबोधन में गगनगीर हमले में बलिदानी हुए लोगों को भी याद किया।
बता दें कि, करीब 12 किलोमीटर लंबी इस परियोजना का निर्माण 2,700 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से किया गया है। इसमें 6.4 किलोमीटर लंबी सोनमर्ग मुख्य सुरंग, एक निकास सुरंग और पहुंच मार्ग शामिल हैं। समुद्र तल से 8,650 फीट की ऊंचाई पर स्थित यह पुल लेह के रास्ते श्रीनगर और सोनमर्ग के बीच सभी मौसम में संपर्क बढ़ाएगा। यह लद्दाख क्षेत्र में सुरक्षित और निर्बाध पहुंच सुनिश्चित करेगा।
Read Also: http://Mahakumbh 2025: पहला स्नान शुरू, अब तक 60 लाख श्रद्धालुओं ने लगाई डुबकी, 60 हजार जवान तैनात