Delhi Chunav 2025: दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार प्रसार जोरों शोरों के साथ शुरू हो गया है। शनिवार को केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में झुग्गी बस्ती प्रधान सम्मेलन को संबोधित किया और भरी सभा में आम आदमी पार्टी को निशाने पर लिया। उन्होंने कि आप सरकार ने राजधानी में आपदा लाने का काम किया है। अब इस आप-दा को 5 फरवरी को अलविदा कहने का समय आ गया है। आप सरकार ने दिल्ली वासियों के साथ धोखा किया है।
गृह मंत्री ने कहा कि यह मोदी की गारंटी है कि एक-एक झुग्गी वालों को पक्का मकान देने का काम बीजेपी सरकार करेगी। हमने यह करके दिखाया है। बीते 10 सालों में बीजेपी ने कई करोड़ लोगों को पक्का मकान दिया है। केन्द्र सरकार ने अपने दोनों कार्यकाल में धरातल पर काम किया है, जिसके बाद देश की जनता जनार्दन ने हमें तीसरी बार भी मौका दिया है।
बीजेपी ने साढ़े तीन करोड़ गरीबों को घर दिया। 10 करोड़ से ज्यादा गरीबों को गैस का सिलेंडर दिया। 6 लाख गांव में 2 करोड़ 62 लाख घरों में बिजली दी। 12 करोड़ गरीबों के घर में शौचालय बनाए लेकिन उन्होंने गरीबों के घर से महंगा शौचालय अपने शीशमहल में खुद के लिए बनाया। आम आदमी पार्टी ने सबसे ज्यादा आम लोगों को धोखा देने का काम किया।
अमित शाह ने कहा कि हमने झुग्गीवासियों का जीवन देखा है। हमने दुख, असुविधा और गरीबी को महसूस किया है इसलिए हमें एक बार मौका दिया जाए और हम आपको पक्का मकान देने का काम करेंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश के लोगों से जो वादे किए हैं, उन्होंने वह सभी वादें पूरे किए हैं। हम दिल्ली में सरकार बनाकर एक बार फिर से झुग्गी की जगह पक्के मकान देने का काम करेंगे।
शाह ने आगे कहा कि बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और प्रधानमंत्री जी ने आपके लिए घोषणा पत्र तैयार किया है। हमारा घोषणा पत्र आपको हर एक समस्या से निजात दिलाएगा। बीजेपी का घोषणा पत्र प्रधानमंत्री जी की गारंटी है और प्रधानमंत्री जो कहते हैं वह करते हैं। इस बार दिल्ली में हम झुग्गी वासियों के लिए पक्का मकान बनाने का काम करेंगे।