Jaipur Youth Congress Protest: राजस्थान की राजधानी जयपुर में यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भजनलाल सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने जमकर लाठियां भांजी और कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया। पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट और गोविंद सिंह डोटासरा ने शहीद स्मारक पर भाषण दिया।
इसके बाद यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता सीएम आवास का घेराव करने के लिए आगे बढ़े। लेकिन, पुलिस ने कार्यकर्ताओं को शहीद स्मारक पर लाठियां भांजकर खदेड़ दिया और बचे हुए कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया। बता दें कि, कांग्रेस कार्यकर्ता बेरोजगारी को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे और सीएम आवास को घेरने की तैयारी कर रहे थे।
सरकार के खिलाफ यूथ कांग्रेस के सैकड़ों कार्यकर्ताओं पर राजस्थान पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। इस दौरान सांगरिया विधायक और यूथ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अभिमन्यु पूनिया पुलिस बैरिकेडिंग पर चढ़े। साथ ही पुलिस ने लोगों को डिटेन किया। पुलिस ने कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया।
कांग्रेस यूथ कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन से पहले सचिन पायलट और गोविंद सिंह डोटासरा ने भाषण दिया। जिसके बाद सीएम आवास की ओर कूच करने वाले दर्जनों कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गाड़ी में भरकर थाने के लिए ले गई। इस वक्त यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता और पुलिस के बीच झड़प हो गई। प्रदर्शनकारी लगातार सीएम से मिलने की जिद्द पर अड़े रहे।
प्रदेशभर में होगा आंदोलन- अभिमन्यु पूनिया
यूथ कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष अभिमन्यु पूनिया ने इस घटना की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन किया जा रहा है और सरकार जनता की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है। पूनिया ने चेतावनी दी कि अगर उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो प्रदेशभर में बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।
पुलिस ने अपनी कार्रवाई का बचाव करते हुए कहा कि यह कदम कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए उठाया गया था। एक अधिकारी ने बताया कि प्रदर्शनकारियों ने कानून हाथ में लेने की कोशिश की, जिसके चलते मजबूरी में वॉटर कैनन और लाठीचार्ज का सहारा लेना पड़ा। बहरहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन इस घटना के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है।