Parliament Winter Session: संसद के शीतकालीन सत्र के दौरान मंगलवार को भी हंगामा जारी है। अडानी मुद्दे को लेकर कांग्रेस लगातार सरकार को घेर रही है और आज कार्यवाही शुरू होते ही कांग्रेस ने फिर सदन से वॉकआउट कर दिया। कांग्रेस सांसद संसद के बाहर परिसर में प्रदर्शन कर रहे हैं। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और वायनाड से सांसद प्रियंका गांधी प्रदर्शन में शामिल हैं। इस प्रदर्शन के दौरान विपक्ष पूरी तरह से बंटा हुआ हैं क्योंकि समाजवादी पार्टी के सांसद और तृणमूल कांग्रेस पार्टी के एमपी ने इस प्रदर्शन से दूरी बनाई हुई है।
इस दौरान विपक्षी सांसदों के हाथों में ‘मोदी-अडानी एक हैं’ और ‘अडानी पर भारत को जवाबदेही चाहिए’ जैसे नारे लिखे बैनर और प्लेकॉर्ड नजर आ रहे हैं। कांग्रेस सांसद शशि थरूर का कहना है कि हम मोदी सरकार की नीतियों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। हम सदन से भीतर प्रदर्शन नहीं कर सकते थे इसलिए हम संसद के बाहर प्रोटेस्ट कर रहे हैं। अडानी मामले पर केन्द्र सरकार को जवाबदेही तय करनी चाहिए। पूरा देश इसको जानना चाहता है।
25 नवंबर से शुरू हुए संसद के शीतकालीन सत्र में लगातार गतिरोध बना हुआ है। कांग्रेस पार्टी का पूरा फोकस अडानी मामले को लेकर है। लेकिन समाजवादी पार्टी संभल हिंसा पर चर्चा की मांग कर रही है। समाजवादी पार्टी का कहना है कि अडानी से अलग दूसरे बड़े मुद्दे हैं उन पर भी चर्चा होनी चाहिए। किसान, भाईचारा, तानाशाही और मजबूत लोकतंत्र को लेकर चर्चा होनी चाहिए।
इससे पहले सोमवार 2 नवंबर को संसद की कार्यवाही से पहले विपक्षी दलों के नेताओं ने राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे से मुलाकात की, जिसमें राहुल गांधी और प्रियंका गांधी मौजूदर रही लेकिन इस दौरान सपा और टीएमसी का कोई सांसद मौजूद नहीं था। दरअसल, टीएमसी चाहती है कि सदन में मंहगाई, बेरोजगारी, किसान, उर्वरक, विपक्षी राज्यों को मिलने वाले पैसे में कटौती और मणिपुर जैसे मुद्दों को लेकर चर्चा होनी चाहिए।
वहीं कांग्रेस चाहती है कि अडानी मुद्दे पर ही चर्चा हो और कांग्रेस के रूख से सपा भी किनारा करती दिख रही है। अन्य विपक्षी दल भी चाहते हैं कि किसान, संभल और मणिपुर जैसे मुद्दों पर भी चर्चा होनी चाहिए। सपा सांसदों ने आज लोकसभा अध्यक्ष से मुलाकात की और संभल मुद्दे पर चर्चा का अनुरोध किया।
सपा नेताओं के अनुसार, अडानी का मुद्दा संभल जितना बड़ा नहीं है। सपा सांसद धर्मेंद्र यादव ने कहा कि हमारे लिए अदानी से बड़ा मुद्दा किसान हैं। यानि कांग्रेस भले ही अडानी की रट लगाए बैठी हो, मगर विपक्ष के कई दल और भी मुद्दों पर बहस करना चाहते हैं। स्वस्थ और मजबूत लोकतंत्र के लिए सभी मुद्दों पर बहस होनी चाहिए।
रेणुका चौधरी का विवादित बयान
इधर, कांग्रेस सांसद रेणुका चौधरी के बयान ने नया विवाद खड़ा कर दिया है। रेणुका चौधरी ने कहा कि हमारी तरफ से कोशिश है कि सदन की कार्यवाही सुचारू ढंग से चले क्योंकि जनता ने हमें चुनकर संसद भेजा है और वे चाहते हैं कि हम उनकी आवाज को यहां बुलंद करें। अगर सरकार सदन चलाना चाह रही है तो चलेगा, अगर वह नहीं चलाना चाह रही है तो नहीं चलेगा। सब समझते है कि ये षडयंत्र क्या है। अगर वे लायक है तो सदन चलेगा अगर नालायक है तो नहीं चलेगा।