Cyclone Fengal: तमिलनाडु में चक्रवात फेंगल का असर देखने को मिल रहा है। आज शाम 30 नवंबर को 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पुडुचेरी के पास कराईकल और महाबलीपुरम के बीच उत्तर तमिलनाडु और पुडुचेरी के तटों को पार करेगा। चक्रवात के प्रभाव के कारण तमिलनाडु के कई हिस्सों में भारी बारिश का दौर जारी है।
खराब मौसम की वजह से चेन्नई इंटरनेशनल एयरपोर्ट को शनिवार शाम सात बजे तक अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। आज चेन्नई में स्कूलों की छुट्टी कर दी गई। उधर, इंडिगो एयरलाइंस ने चेन्नई आने वाली सभी उड़ानों को डायवर्ट कर दिया है। भारी बारिश की वजह से तमिलनाडु के नौ जिलों के स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है। मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।
चक्रवात को देखते हुए प्रशासन ने भी पुडुचेरी तट की सुरक्षा को बढ़ा दिया है। पुडुचेरी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कलैवानन ने क्षेत्र में समुद्र तटों और तटीय सड़कों का दौरा किया। तमिलनाडु में लोगों को चेन्नई में मरीना बीच, पट्टिनापक्कम और एडवर्ड इलियट बीच समेत समुद्र तटों पर न जाने की सलाह दी गई है।
पुडुचेरी में पर्यटन स्थलों को चक्रवात फेंगल के कारण एहतियात के तौर पर बंद कर दिया गया है। पुडुचेरी के तटीय क्षेत्रों में 300 पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार सुबह पुडुचेरी में मध्यम बारिश हुई। तमिलनाडु के विलुप्पुरम के मरकानम में भारी बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी है। चेन्नई के बेसेंट नगर इलाके में पेड़ उखड़ गए हैं।
बता दें कि, भारी बारिश के कारण सड़कें जलमग्न हो गई। कई इलाकों में लोग जलभराव से जूझ रहे हैं। न्यू वाशरमैनपेट, जेमिनी फ्लाईओवर और माउंट रोड इलाके में टखने तक जलभराव है। तूफान की वजह से तटीय इलाकों में बारिश और तेज हवाओं की वजह से मौसम बदल चुका है।
चेन्नई में शुक्रवार की रात से आज सुबह तक लगातार भारी से मध्यम बारिश दर्ज की गई। आईएमडी के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पश्चिम में चक्रवात फेंगल पहले पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ गया और आज शाम तक उत्तर तमिलनाडु और पुडुचेरी के तटों को पार करने की उम्मीद है।