प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नारी शक्ति वंदन संशोधन विधेयक को लेकर एक नया वीडियो साझा किया है। इसमें उन्होंने महिला सशक्तिकरण और राजनीति में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की जरूरत पर जोर देते हुए इसे समय की मांग बताया। पीएम मोदी ने कहा कि आधी आबादी के सपनों और देश के भविष्य के लिए इस संकल्प को पूरा करना जरूरी है। उन्होंने वीडियो के साथ लिखा, ‘भारत की प्रगति, नारीशक्ति के सपनों की उड़ान।’
केंद्र सरकार सोमवार को लोकसभा में परिसीमन विधेयक पेश करने की तैयारी में है। सरकार ने विधेयक को पारित कराने के लिए जरूरी समर्थन जुटाने की कोशिश तेज कर दी है। दूसरी ओर, इंडिया गठबंधन के नेता भी इस मुद्दे पर अपनी रणनीति बनाने में जुटे हैं। इसी बीच पीएम मोदी ने वीडियो के जरिए सरकार का रुख स्पष्ट किया है।
महिला भागीदारी की लड़ाई दशकों से जारी: PM मोदी
वीडियो में प्रधानमंत्री मोदी कहते नजर आ रहे हैं कि राजनीति और दूसरे क्षेत्रों में नारी शक्ति को उचित भागीदारी दिलाने की लड़ाई कई दशकों से चल रही है। वह खुद भी वर्षों से इस दिशा में प्रयास करने वालों में शामिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति के सशक्तिकरण को लेकर बीजेपी और एनडीए का संकल्प अडिग है और उनके लिए देशहित सबसे ऊपर है।
पीएम मोदी ने कहा कि जब कुछ लोगों के लिए दल का हित देशहित से बड़ा हो जाता है, तो इसका नुकसान नारी शक्ति और देश को उठाना पड़ता है। उन्होंने कहा, ‘नारी शक्ति वंदन संशोधन समय की मांग है। हमारा आत्मबल अजेय है। हमें आधी आबादी के सपनों के लिए, देश के भविष्य के लिए इस संकल्प को पूरा करना ही है।’
डीएमके और शरद पवार से मुलाकात करेंगे इंडिया गठबंधन के नेता
परिसीमन विधेयक को लेकर इंडिया गठबंधन के नेता डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन और शरद पवार से मुलाकात करने जा रहे हैं। राहुल गांधी, सोनिया गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे समेत गठबंधन के कई बड़े नेता पहले चेन्नई में स्टालिन से मिलेंगे। इसके बाद वे मुंबई जाएंगे और रात 8 बजे शरद पवार से मुलाकात करेंगे। शरद पवार फिलहाल ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती हैं, इसलिए उनसे अस्पताल में ही मिलने की संभावना है।
एनसीपी-एसपी और डीएमके कर चुके हैं समर्थन का ऐलान
शरद पवार की पार्टी एनसीपी-एसपी के लोकसभा में 8 सांसद हैं। पार्टी ने परिसीमन विधेयक पर केंद्र सरकार को समर्थन देने की घोषणा की है। वहीं, डीएमके के 22 लोकसभा सांसद हैं और एमके स्टालिन भी विधेयक का समर्थन करने की बात कह चुके हैं।
ऐसे में राहुल गांधी और इंडिया गठबंधन के अन्य नेता दोनों दलों के प्रमुखों से मुलाकात कर इस मुद्दे पर बातचीत करेंगे। गठबंधन की कोशिश है कि डीएमके और एनसीपी-एसपी अपने समर्थन के फैसले पर पुनर्विचार करें। दूसरी ओर, राहुल गांधी से मुलाकात से पहले एमके स्टालिन ने सोशल मीडिया पर लिखा कि उन्हें गद्दार नहीं, बल्कि वीरों की तरह याद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी ने तमिलनाडु के हित में फैसला लिया है।