महिला आरक्षण पर PM मोदी का वीडियो संदेश, बोले- नारी शक्ति से किया वादा पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध

PM Narendra Modi

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिला आरक्षण को लेकर सोशल मीडिया पर वीडियो संदेश जारी किया है। इसमें उन्होंने महिलाओं को संसद और विधानसभाओं में अधिक भागीदारी दिलाने के अपने संकल्प को दोहराया। पीएम मोदी ने कहा कि नारी शक्ति से किया गया वादा पूरा करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने भरोसा जताया कि देश की महिलाओं का आशीर्वाद उनके साथ है और महिला आरक्षण के रास्ते में आने वाली बाधाओं को दूर किया जाएगा।

महिला आरक्षण को लेकर जताया संकल्प

पीएम मोदी ने वीडियो साझा करते हुए लिखा, “हमने अपनी ‘नारी शक्ति’ से एक वादा किया था और हम उसे पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं…” संदेश में उन्होंने कहा कि महिला भागीदारी का मुद्दा लंबे समय से उठाया जा रहा है और वह भी वर्षों से इस दिशा में प्रयास करने वालों में शामिल रहे हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि कई महिलाएं उनसे इस विषय पर अपनी बात रखती रही हैं। अनेक बहनों ने पत्र लिखकर महिला आरक्षण से जुड़ी अपनी भावनाएं और मांगें साझा की हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें विश्वास है कि देश की 100 प्रतिशत नारी शक्ति का आशीर्वाद उनके साथ है।

विरोध करने वालों को लेकर कही बात

वीडियो संदेश में पीएम मोदी ने कहा कि वह देश की हर महिला को भरोसा दिलाना चाहते हैं कि महिला आरक्षण के रास्ते में आने वाली बाधाओं को दूर किया जाएगा। उन्होंने कहा, “हमारा हौसला भी बुलंद है, हमारी हिम्मत भी अटूट है और हमारा इरादा भी अडिग है।”

प्रधानमंत्री ने महिला आरक्षण का विरोध करने वाली पार्टियों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ऐसी पार्टियां देश की महिलाओं को संसद और विधानसभाओं में भागीदारी बढ़ाने से नहीं रोक पाएंगी। पीएम मोदी ने कहा कि इसके लिए सिर्फ वक्त का इंतजार है।

30 नवंबर को लोकसभा में पेश होगा बिल

केंद्र सरकार ने डेलिमिटेशन बिल को लेकर तैयारी पूरी कर ली है। बिल की कॉपियां संसद सदस्यों को उपलब्ध कराई गई हैं और उन्हें इसे पढ़ने के लिए कहा गया है। सांसदों से बिल को लेकर सवाल या आपत्तियां तैयार रखने को भी कहा गया है। सरकार ने संसद में चर्चा के दौरान सवालों का जवाब देने की बात कही है। 30 नवंबर को लोकसभा में बिल पेश किया जाएगा। महिला आरक्षण बिल भी परिसीमन से जुड़ा है। इसके पारित होने के साथ ही 2029 के लोकसभा चुनाव में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू होने का रास्ता साफ होने की बात कही गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *