हरियाणा के सिरसा जिले के कालांवाली में आयोजित मैराथन में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने युवाओं को स्वस्थ जीवन और नशामुक्त समाज का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि कालांवाली की धरती पर उमड़ा जनसैलाब केवल एक मैराथन का हिस्सा नहीं है, बल्कि यह स्वस्थ, सशक्त और नशामुक्त हरियाणा बनाने के संकल्प को दर्शाता है। जिस प्रदेश के युवाओं के कदमों में रफ्तार, आंखों में सपने और हृदय में संकल्प हो, उसके भविष्य को कोई अंधेरा नहीं रोक सकता।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा का युवा अपनी ताकत को सही दिशा देना जानता है। युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना जरूरी है। मैराथन जैसे आयोजन लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के साथ समाज को नशे के खिलाफ एकजुट करने का काम करते हैं।
1.40 लाख से अधिक लोगों ने कराया पंजीकरण
मुख्यमंत्री सैनी ने बताया कि सिरसा मैराथन के लिए 1 लाख 40 हजार से अधिक प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया। इसमें अलग-अलग आयु वर्ग के लोगों ने हिस्सा लिया। 18 वर्ष से कम उम्र के प्रतिभागियों के साथ 18 से 45 वर्ष और 60 वर्ष से अधिक आयु के लोग भी इस आयोजन में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि सभी आयु वर्ग के लोगों की भागीदारी दिखाती है कि स्वस्थ जीवन और नशामुक्त समाज का संदेश हर वर्ग तक पहुंच रहा है।
नशे के खिलाफ सामूहिक प्रयास जरूरी
नशे के खिलाफ अभियान पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह लड़ाई केवल पुलिस या सरकार की जिम्मेदारी नहीं है। इसमें परिवार, स्कूल, अस्पताल और पूरे समाज की भूमिका महत्वपूर्ण है। सभी को मिलकर इस समस्या के खिलाफ काम करना होगा, ताकि युवाओं को नशे से दूर रखा जा सके।
उन्होंने नशे का कारोबार करने वालों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि वे या तो यह धंधा छोड़ दें या हरियाणा छोड़ दें। मुख्यमंत्री ने लोगों से नशे से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी प्रशासन तक पहुंचाने की अपील भी की।
हरियाणा उदय अभियान के तहत हुए आयोजन
मुख्यमंत्री ने बताया कि हरियाणा उदय अभियान के अंतर्गत प्रदेश के सभी जिलों में 10 से अधिक मैराथन, साइक्लोथॉन के दो संस्करण और 7 से अधिक राहगीरी कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। इन प्रयासों के तहत कुल 2,484 कार्यक्रमों में 18 लाख से अधिक लोगों ने भागीदारी की।
उन्होंने बताया कि नशे से संबंधित किसी भी जानकारी को टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 90508-91508 और भारत सरकार की मानस हेल्पलाइन 1933 पर साझा किया जा सकता है। मुख्यमंत्री ने युवाओं और प्रदेशवासियों से नशामुक्त हरियाणा के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।