हरियाणा के कुरुक्षेत्र में इस साल अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव का आयोजन 5 दिसंबर से 25 दिसंबर तक किया जाएगा। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने महोत्सव को लेकर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसकी पूरी रूपरेखा साझा की। उन्होंने बताया कि इस वर्ष गीता का उपदेश दिए जाने के 5164 वर्ष पूरे हो रहे हैं। महोत्सव में देश-विदेश के विद्वान, संत, कलाकार और शिल्पकार हिस्सा लेंगे।
मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले 10 वर्षों में अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव को अच्छी लोकप्रियता मिली है। इस बार दिल्ली और पश्चिम बंगाल पहली बार सहयोगी राज्यों के रूप में शामिल होंगे। दोनों राज्यों की ओर से पुरुषोत्तमपुरा बाग में विशेष सांस्कृतिक मंडप लगाए जाएंगे। महोत्सव की शुरुआत 5 दिसंबर को ब्रह्म सरोवर के तट पर विशाल शिल्प एवं सरस मेले के साथ होगी।
4 दिसंबर से शुरू होंगी धार्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियां
मुख्यमंत्री के अनुसार, 4 दिसंबर को ज्योतिसर से गीता सद्भावना यात्रा निकाली जाएगी। 5 दिसंबर को गीता रन का आयोजन होगा। 7 से 13 दिसंबर तक कथा का आयोजन किया जाएगा, जबकि 13 दिसंबर को कुरुक्षेत्र मेले में संत सम्मेलन होगा।
मॉरीशस के राष्ट्रपति धर्मवीर गोखूल 14 दिसंबर को गीता यज्ञ और पूजन के साथ महोत्सव का विधिवत शुभारंभ करेंगे। इसी दिन कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में तीन दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय गीता संगोष्ठी भी शुरू होगी। इसमें 16 देशों के 20 विद्वान शामिल होंगे।
20 दिसंबर को मनाई जाएगी गीता जयंती
मुख्यमंत्री ने बताया कि 18 और 19 दिसंबर को अखिल भारतीय देवस्थानम सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इसमें विभिन्न संस्थाओं के प्रमुखों के साथ 20 से अधिक देशों के संत हिस्सा लेंगे। 20 दिसंबर को गीता जयंती के अवसर पर ज्योतिसर तीर्थ में गीता यज्ञ, गीता पाठ और भागवत कथा का आयोजन होगा। इसी दिन प्रदेश के सभी 182 तीर्थों पर दीपोत्सव और गीता शोभायात्रा निकाली जाएगी।
5 से 25 दिसंबर तक ब्रह्म सरोवर के पावन तट पर भजन संध्या और गीता महाआरती का आयोजन भी होगा। इसके अलावा 14 से 25 दिसंबर तक हरियाणा के विकास और उन्नति को दर्शाने वाली प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी। भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद पहली बार विशेष प्रदर्शनी लगाएगी। भारतीय वायु सेना और इसरो की ओर से भी पुरुषोत्तमपुरा बाग में प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी।
विदेशी शिल्पकार और प्रतिनिधि भी होंगे शामिल
महोत्सव के दौरान 18 से अधिक देशों के 60 शिल्पकार अपनी कला और शिल्प का प्रदर्शन करेंगे। 19 दिसंबर को ज्योतिसर में होने वाले सेमिनार में दक्षिण अफ्रीकी देशों के प्रतिनिधि भाग लेंगे। वहीं, 16 दिसंबर को ज्योतिसर में पंचजन्य-2026 अफ्रीका-हरियाणा सम्मेलन आयोजित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि 2 से 19 दिसंबर तक ज्योतिसर से गीता ज्योति यात्रा निकाली जाएगी। महोत्सव के कार्यक्रम प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर भी 18 से 20 दिसंबर तक आयोजित होंगे। इसके अलावा 22 नवंबर से 4 दिसंबर तक ऑनलाइन गीता प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता कराई जाएगी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हरियाणा के लोगों और देशवासियों से अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव में भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इस आयोजन में सभी की सहभागिता महत्वपूर्ण है।