उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के रोड शो के दौरान 14 साल के बच्चे की मौत का मामला राजनीतिक तूल पकड़ने लगा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना को लेकर समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि रोड शो के दौरान एक मासूम की जान चली गई, लेकिन सपा नेताओं ने परिवार के प्रति संवेदना तक जाहिर नहीं की। मुख्यमंत्री ने घटना में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए हैं।
दरअसल, अखिलेश यादव ने बुधवार को गोरखपुर में PDA यात्रा के नाम से रोड शो निकाला था। इस दौरान काफिले में शामिल एक जेसीबी की चपेट में आने से 14 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। मृतक स्थानीय बीजेपी नेता का बेटा बताया जा रहा है। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। गुस्साए लोगों ने हाईवे जाम कर दिया और अखिलेश यादव के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग की।
सपा के रोड शो को लेकर साधा निशाना
गोरखपुर में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी का रोड शो एक नाबालिग बच्चे की मौत का कारण बना। सीएम ने सपा को गुंडागर्दी, अराजकता, दंगों और कर्फ्यू की पर्याय बताते हुए कहा कि माफिया इनके अपने हैं और जनता के साथ हमेशा धोखा किया गया है।
सीएम योगी ने कहा कि जिस बच्चे की जान गई, आखिर उसकी गलती क्या थी? उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के बाद माफिया और गुंडागर्दी को संरक्षण देने वाले लोगों ने संवेदना के एक शब्द तक नहीं कहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह बच्चे के परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हैं और शाम को पीड़ित परिवार से मिलने भी जाएंगे।
आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश
मुख्यमंत्री योगी ने प्रशासन को निर्देश दिए कि रोड शो के दौरान सड़कों पर अराजकता फैलाने वाले लोगों की पहचान की जाए और उनके खिलाफ कार्रवाई हो। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों को सजा मिलनी चाहिए, ताकि भविष्य में कोई इस तरह की हरकत करने की हिम्मत न करे।
सड़कों पर अराजकता बर्दाश्त नहीं होगी
सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में सड़कें आम लोगों के आने-जाने की सुविधा के लिए बनाई गई हैं, न कि राजनीतिक कार्यक्रमों के नाम पर अराजकता फैलाने के लिए। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर किसी ने दोबारा माफियागीरी दिखाने की कोशिश की तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने प्रदेश में गुंडागर्दी पर लगाम लगाने का काम किया है और आगे भी ऐसी गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।