UP Public Holiday: उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर 26 अक्टूबर को सार्वजनिक अवकाश का ऐलान किया है। रविवार को सरकार की ओर से इस संबंध में शासनादेश जारी किया गया। सोमवार को छुट्टी के चलते सरकारी कार्यालय और स्कूल बंद रहेंगे, जबकि बैंक खुले रहेंगे। पिछले साल भी महर्षि वाल्मीकि जयंती पर सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया था।
यूपी के सभी 75 जिलों में होंगे कार्यक्रम
महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर प्रदेश के सभी 75 जिलों में धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मंदिरों और रामायण से जुड़े प्रमुख स्थलों पर दीप जलाए जाएंगे। इसके अलावा रामायण पाठ, भजन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कानपुर के बिठूर स्थित वाल्मीकि आश्रम जाएंगे। यहां वह पूजा-अर्चना करने के साथ रामायण पाठ में शामिल होंगे। मान्यता है कि महर्षि वाल्मीकि ने इसी आश्रम में रामायण की रचना की थी। यह भी माना जाता है कि माता सीता ने यहां आश्रय लिया था और लव-कुश का जन्म इसी स्थान पर हुआ था।

2017 में रद्द हुई थी छुट्टी
वर्ष 2017 में प्रदेश सरकार ने महापुरुषों की जयंती पर मिलने वाली 15 सार्वजनिक छुट्टियां रद्द कर दी थीं। इनमें महर्षि वाल्मीकि जयंती का अवकाश भी शामिल था। उस समय सरकार ने कहा था कि छुट्टी के बजाय स्कूलों और सरकारी कार्यालयों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि लोगों को महापुरुषों के जीवन और विचारों की जानकारी मिल सके।
हालांकि, वाल्मीकि समाज और अन्य संगठनों की मांग के बाद सरकार ने फैसला बदलते हुए जयंती पर सार्वजनिक अवकाश फिर से शुरू कर दिया। पिछले साल भी इस अवसर पर छुट्टी घोषित की गई थी।
शासनादेश जारी कर दी गई जानकारी
सामान्य प्रशासन अनुभाग की ओर से जारी शासनादेश पर प्रमुख सचिव एस.वी.एस. रंगा राव के हस्ताक्षर हैं। आदेश की प्रतियां राज्यपाल और मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिवों, इलाहाबाद उच्च न्यायालय के प्रयागराज स्थित निबंधक सहित संबंधित विभागों और अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई हैं।
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह सार्वजनिक अवकाश निगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स अधिनियम, 1881 के तहत नहीं होगा। इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महानवमी पर 19 अक्टूबर को सार्वजनिक छुट्टी घोषित की थी। सरकार रामनवमी पर लगातार दो दिन और मकर संक्रांति पर 15 जनवरी को भी सार्वजनिक अवकाश घोषित कर चुकी है।