अमित शाह का बड़ा बयान- ‘वंदे मातरम् सिर्फ गीत नहीं’, बोले- मातृभाषा के बिना भारत को समझना मुश्किल

amit shah

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार 14 सितंबर को नवी मुंबई में आयोजित हिंदी दिवस 2026 एवं छठे अखिल भारतीय राजभाषा सम्मेलन को संबोधित किया। उन्होंने हिंदी को देश की भाषाई एकता और राष्ट्रीय चेतना की वाहक बताया। अपने संबोधन में शाह ने मातृभाषा, भारतीय भाषाओं और वंदे मातरम् के महत्व पर विस्तार से बात रखी।

‘वंदे मातरम् सिर्फ एक गीत नहीं’

अमित शाह ने कहा कि वंदे मातरम् केवल एक गीत नहीं है, बल्कि घनघोर गुलामी के दौर में भारतीय चेतना को जगाने का ऋषि बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय का प्रयास था। उन्होंने कहा कि बंकिम चंद्र ने अपनी कविता के जरिए भारत की सोई हुई चेतना को झकझोरने का काम किया।

शाह के मुताबिक, आनंद मठ में लिखा गया यह गीत देखते-देखते पूरे भारत में आजादी की उद्घोषणा बन गया। उन्होंने कहा कि वंदे मातरम् ने आजादी पाने की तीव्र भावना को जगाने के साथ भारत के सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की नींव रखने का भी काम किया।

अमित शाह ने कहा कि वंदे मातरम् के टुकड़े कर दिए गए और आजादी के बाद भी इसके पूर्ण स्वरूप को स्वीकार करने में संसद को 80 साल लग गए। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी ऐसे प्रधानमंत्री हैं, जिन्होंने वंदे मातरम् को फिर से उसके पूर्ण स्वरूप और गौरव के साथ सरकारी समारोहों में शामिल किया।

मातृभाषा के बिना भारत को समझना मुश्किल

गृह मंत्री ने कहा कि संविधान निर्माताओं ने सोच-समझकर हिंदी को राजभाषा के रूप में स्वीकार करने का निर्णय लिया था। उन्होंने नई शिक्षा नीति का जिक्र करते हुए कहा कि प्राथमिक शिक्षा में मातृभाषा सीखना अनिवार्य किया गया है।

शाह ने कहा कि बच्चा अपनी मातृभाषा सीखे बिना बड़ा व्यक्ति नहीं बन सकता, क्योंकि मां के दुलार और बहन के प्यार को भी अपनी मातृभाषा के जरिए ही समझा जा सकता है। उन्होंने कहा कि अपनी भूमि, भाषा, धर्म, परंपरा, संस्कृति और संस्कार से जुड़ाव मातृभाषा के माध्यम से ही होता है।

उन्होंने कहा कि जो लोग भाषाओं के बीच विवाद खड़ा करना चाहते हैं, उनसे वह कहना चाहते हैं कि बच्चा अपनी मातृभाषा में ही भारत को समझ सकता है। विदेशी भाषा के माध्यम से भारत को समझने पर गलती हो सकती है। इसलिए राजनीतिक मतभेदों को छोड़कर भारतीय भाषाओं को बढ़ावा देने पर जोर देना चाहिए।

रवींद्रनाथ टैगोर की बात का किया उल्लेख

अमित शाह ने प्रधानमंत्री के लाल किले की प्राचीर से बताए गए पांच प्रण में गुलामी की मानसिकता से मुक्ति का भी जिक्र किया। उन्होंने कवि गुरु रवींद्रनाथ टैगोर के विचारों को सामने रखते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति और साहित्य एक विकसित, शतदल कमल की तरह है, जिसकी प्रत्येक पंखुड़ी भारत की प्रादेशिक भाषाएं हैं। शाह ने कहा कि किसी एक पंखुड़ी के नष्ट होने से कमल का सौंदर्य और शोभा भी नष्ट हो जाएगी। इससे पहले रविवार को मुंबई में एक कार्यक्रम के दौरान अमित शाह ने कहा था कि भारत के ज्ञान को खत्म करने की कोशिश की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *