नई दिल्ली: दिल्ली के सत्य निकेतन में हुए दर्दनाक बिल्डिंग हादसे के बाद पुरानी इमारतों की सुरक्षा को लेकर सरकार स्तर पर मंथन शुरू हो गया है। केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि ऐसी घटनाओं की भविष्य में पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए MCD को भी अपने स्तर पर जरूरी कदम उठाने चाहिए। साथ ही आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय ने दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) के तहत आने वाली 50 साल से अधिक पुरानी इमारतों का सेफ्टी ऑडिट कराने की योजना पर विचार किया है।
50 साल पुरानी इमारतों की होगी जांच
मनोहर लाल ने बताया कि DDA के तहत आने वाली 50 साल से पुरानी इमारतों का सेफ्टी ऑडिट कराया जाए, ऐसी योजना बनाई जा रही है। उनका कहना है कि केवल एक बार ऑडिट कराने के बजाय इमारतों की सुरक्षा की नियमित जांच की व्यवस्था भी तैयार की जानी चाहिए।
इसके लिए 10 साल, 5 साल और 3 साल के अंतराल पर सेफ्टी ऑडिट कराने की व्यवस्था बनाने पर विचार किया जा रहा है। इससे इमारतों की स्थिति का समय रहते पता लगाया जा सकेगा और जरूरत पड़ने पर उचित कदम उठाए जा सकेंगे।
नई DDA इमारतों के लिए भी बनेगी व्यवस्था
मनोहर लाल के मुताबिक, भविष्य में DDA की ओर से बनाई जाने वाली नई इमारतों के 50 साल पूरे होने के बाद उनका भी समय-समय पर सेफ्टी ऑडिट किया जाएगा। ऑडिट में इमारत की स्थिति ठीक नहीं पाए जाने पर उसके पुनर्निर्माण की योजना तैयार की जा सकेगी।
रिडेवलपमेंट फंड बनाने की भी योजना
उन्होंने बताया कि इमारतों के जर्जर होने का इंतजार करने के बजाय समय रहते उनके पुनर्निर्माण की व्यवस्था होनी चाहिए। इसके लिए सालाना मेंटेनेंस फंड की तरह ही हितधारकों की ओर से एक रिडेवलपमेंट फंड का प्रावधान करने की व्यवस्था बनाने पर भी विचार किया जा रहा है। इस फंड की मदद से जरूरत पड़ने पर पुरानी इमारतों का समय रहते पुनर्निर्माण कराया जा सकेगा और उनके जर्जर होने से पैदा होने वाले खतरे को कम किया जा सकेगा।
सत्य निकेतन हादसे पर जताया दुख
मनोहर लाल ने सत्य निकेतन में हुई घटना पर गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा कि इस हृदयविदारक घटना से उनका मन अत्यंत दुखी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए MCD और संबंधित एजेंसियां अपने स्तर पर प्रभावी कदम उठाएंगी।