भारत और चीन संबंधों पर पूर्व CDS अनिल चौहान का बड़ा बयान, बोले- एशिया का भविष्य इसी पर निर्भर

पूर्व चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल अनिल चौहान ने भारत-चीन संबंधों को लेकर कहा है कि एशिया का भविष्य काफी हद तक इस बात पर निर्भर करेगा कि दोनों देश अपने समानांतर विकास को किस तरह संभालते हैं। उन्होंने कहा कि भारत और चीन एशिया की प्रमुख शक्तियां, बड़ी अर्थव्यवस्थाएं और प्राचीन सभ्यताएं हैं। ऐसे में दोनों देशों के बीच बातचीत जारी रहना जरूरी है।

भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत की 139वीं जयंती के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम में जनरल चौहान ने भारत-चीन संबंधों की चुनौतियों और संभावनाओं पर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के रिश्तों को केवल सीमा विवाद के नजरिए से नहीं देखा जा सकता।

सहयोग और प्रतिस्पर्धा दोनों जारी

जनरल अनिल चौहान ने कहा कि भारत और चीन कुछ क्षेत्रों में सहयोग करते हैं, जबकि प्रभाव और बाजारों के लिए दोनों के बीच प्रतिस्पर्धा भी है। इसके अलावा क्षेत्रीय और वैश्विक व्यवस्था के कई मुद्दों पर दोनों देशों के विचार अलग-अलग हैं।

उन्होंने भारत के लिए चीन के साथ लगातार संवाद बनाए रखने की जरूरत बताई। जनरल चौहान ने कहा कि भारत शंघाई सहयोग संगठन (SCO) और ब्रिक्स (BRICS) जैसे मंचों के जरिए चीन के साथ संवाद कर रहा है। उनके मुताबिक, दोनों देशों के एक साथ आगे बढ़ने को सही तरीके से संभालना एशिया के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण होगा।

पाकिस्तान को बताया प्रमुख सुरक्षा चुनौती

पूर्व CDS ने पाकिस्तान को भारत के लिए एक प्रमुख सुरक्षा चिंता बताया। उन्होंने कहा कि सीमा पार आतंकवाद के कारण पाकिस्तान की चुनौती बनी रहेगी। जनरल चौहान के मुताबिक, परमाणु हथियारों ने उच्चतम स्तर पर एक तरह की स्थिरता पैदा की है, लेकिन निचले स्तर पर अस्थिरता को बढ़ावा मिला है।

उन्होंने इसे ‘स्थिरता विरोधाभास’ बताते हुए कहा कि पाकिस्तान की रणनीति पारंपरिक सैन्य अभियानों के लिए उपलब्ध गुंजाइश को सीमित करने और उप-पारंपरिक अभियानों के लिए जगह बढ़ाने की रही है।

भू-राजनीतिक अनिश्चितता बड़ी चुनौती

जनरल चौहान ने बदलते वैश्विक हालात को भी भारत के सामने बड़ी चुनौती बताया। उन्होंने कहा कि पुरानी वैश्विक शक्ति-संतुलन व्यवस्था कमजोर हो रही है और नई विश्व व्यवस्था की संरचनाएं अभी आकार ले रही हैं। उन्होंने भविष्य की चुनौतियों से निपटने के लिए भारत में आत्मनिर्भरता बढ़ाने, भेद्यता कम करने, आपूर्ति और संसाधनों में विविधता लाने तथा बाहरी निर्भरता घटाने पर जोर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *