Ram Temple new CEO: अयोध्या में राम मंदिर की व्यवस्थाओं को लेकर अब नए बदलाव की तैयारी शुरू हो गई है। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के नवनियुक्त CEO रिटायर्ड एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा ने शुक्रवार को ट्रस्ट सदस्यों के साथ बैठक के बाद अपनी आगे की रणनीति के संकेत दिए। उन्होंने राम भक्तों से समर्थन और आशीर्वाद की अपील करते हुए कहा कि उन्हें कुछ समय दिया जाए, जल्द ही बदलाव के नतीजे जमीन पर दिखाई देने लगेंगे।
जितेंद्र मिश्रा ने कहा कि वह फिलहाल मंदिर और ट्रस्ट से जुड़ी पूरी व्यवस्था को समझने में जुटे हैं। इसके लिए वह ट्रस्ट के सदस्यों के साथ बैठकें कर रहे हैं और राम मंदिर का दौरा भी कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि मौजूदा सिस्टम को समझने के बाद योजनाओं को लागू करने की दिशा में काम शुरू कर दिया गया है।
राम भक्तों से मांगा विश्वास और आशीर्वाद
ट्रस्ट सदस्यों की बैठक के बाद जितेंद्र मिश्रा ने राम भक्तों से कहा कि उनका विश्वास और आशीर्वाद उनके साथ बना रहना जरूरी है। उन्होंने कहा कि राम भक्तों का आशीर्वाद उनके लिए बेहद महत्वपूर्ण है और इसी विश्वास के साथ वह आगे बढ़ेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले कुछ दिनों में काम के परिणाम दिखाई देने लगेंगे।
बैठक में ट्रस्ट के काम को आगे बढ़ाने और विभिन्न हितधारकों के साथ मिलकर काम करने के तरीकों पर चर्चा हुई। मिश्रा ने कहा कि महत्वपूर्ण फैसलों की जानकारी मीडिया के सामने भी रखी जाएगी। भविष्य की रणनीति ट्रस्ट के मार्गदर्शन में तैयार होगी, जिसमें मंदिर की व्यवस्थाओं और पारदर्शिता से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा की जाएगी।
‘भगवान श्री राम ने मुझ पर कृपा बरसाई’
नई जिम्मेदारी मिलने पर जितेंद्र मिश्रा ने भगवान श्री राम के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि भगवान श्री राम ने उन्हें इतनी बड़ी जिम्मेदारी देकर अपनी कृपा बरसाई है और इससे ज्यादा वह और क्या मांग सकते हैं।
वैदेही भवन में हुई इस बैठक में ट्रस्ट के महासचिव गोविंद देव गिरि मौजूद रहे, जबकि कई ट्रस्ट सदस्य वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए जुड़े। ट्रस्ट की ओर से आगामी त्योहारों की तैयारियों के साथ राम भक्तों की सुविधा और सुरक्षा को लेकर भी विचार-विमर्श किया जा रहा है।
ट्रस्ट में हुए कई बड़े बदलाव
जितेंद्र मिश्रा की नियुक्ति के बाद यह ट्रस्ट की पहली बैठक थी। बुधवार को प्रबंधन में बड़े बदलाव की घोषणा की गई थी। मिश्रा को मंदिर का पहला CEO बनाया गया, जबकि गोविंद देव गिरि को नया महासचिव और दिल्ली के महेश भागचंदका को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया।
इसके अलावा अयोध्या के मदन मोहन पांडे, शिकोहाबाद की डॉ. निर्मला यादव और महेश भागचंदका को नए ट्रस्टी के तौर पर शामिल किया गया। डॉ. निर्मला यादव ट्रस्ट की पहली महिला सदस्य हैं।
5,585 आवेदनों में से हुआ चयन
जितेंद्र मिश्रा ‘ऑपरेशन सिन्दूर’ के दौरान पश्चिमी वायु कमान का नेतृत्व कर चुके हैं। CEO पद के लिए ट्रस्ट की चयन समिति ने 5,585 आवेदनों की जांच के बाद तीन उम्मीदवारों का चयन किया था, जिनमें जितेंद्र मिश्रा भी शामिल थे।
दान चोरी के आरोपों के बाद बदली व्यवस्था
राम मंदिर ट्रस्ट की व्यवस्थाओं में बदलाव की एक बड़ी वजह बड़े पैमाने पर दान की चोरी के आरोप भी बताए गए हैं। इसके बाद ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और अनिल मिश्रा को पद से हटा दिया गया था। मंदिर की व्यवस्था में बदलाव के लिए ट्रस्ट में CEO नियुक्त करने का ऐलान किया गया था।
कथित दान चोरी के मामले में अब तक 8 लोगों की गिरफ्तारी की बात सामने आई है और ये सभी फिलहाल जेल में हैं। ऐसे में नए CEO जितेंद्र मिश्रा के सामने मंदिर की व्यवस्थाओं को आगे बढ़ाने के साथ पारदर्शिता और भक्तों की सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर भी काम करने की जिम्मेदारी है।