PM Modi foreign trip schedule is set: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जल्द ही मध्य एशिया के दो महत्वपूर्ण देशों की यात्रा पर जाने वाले हैं। विदेश मंत्रालय के मुताबिक, पीएम मोदी 29 से 30 अगस्त तक उज्बेकिस्तान के दौरे पर रहेंगे। इसके बाद वह 31 अगस्त से 1 सितंबर तक किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक जाएंगे, जहां 26वें शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। विदेश मंत्रालय के सचिव (पश्चिम) सिबी जॉर्ज ने प्रधानमंत्री की यात्रा की तारीखों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पीएम मोदी उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति के निमंत्रण पर 29 और 30 अगस्त को उज्बेकिस्तान की यात्रा करेंगे।
2011 में रणनीतिक साझेदारी बनी थी
सिबी जॉर्ज के मुताबिक, पिछले कुछ वर्षों में भारत और उज्बेकिस्तान ने द्विपक्षीय और बहुपक्षीय दोनों स्तरों पर व्यापक और सार्थक संबंध विकसित किए हैं। दोनों देशों ने वर्ष 2011 में अपने संबंधों को रणनीतिक साझेदारी का दर्जा दिया था। इसके बाद दोनों देशों के बीच कई क्षेत्रों में द्विपक्षीय संबंधों का विस्तार हुआ है।
विदेश मंत्रालय के सचिव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की यह यात्रा भारत और उज्बेकिस्तान के बीच बढ़ती रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करेगी। यात्रा के दौरान आपसी हित से जुड़े कई मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। साथ ही दोनों देशों के बीच सहयोग को और मजबूत करने के नए रास्ते तलाशे जाएंगे। यह यात्रा भारत और उज्बेकिस्तान के लंबे समय से चले आ रहे सांस्कृतिक संबंधों को सामने लाने का भी अवसर होगी। इसके अलावा अकादमिक और लोगों के बीच आपसी आदान-प्रदान की भूमिका को भी रेखांकित किया जाएगा।
बिश्केक में SCO सम्मेलन में शामिल होंगे PM मोदी
उज्बेकिस्तान की यात्रा पूरी करने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी किर्गिस्तान जाएंगे। वह 31 अगस्त से 1 सितंबर तक बिश्केक में रहेंगे और 26वें SCO शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। सिबी जॉर्ज ने बताया कि SCO की स्थापना आतंकवाद, अलगाववाद और चरमपंथ जैसी तीन बुराइयों से मुकाबला करने के मुख्य उद्देश्य से की गई थी। उन्होंने कहा कि ये चुनौतियां आज भी बनी हुई हैं। SCO सम्मेलन के दौरान पीएम मोदी और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की मुलाकात होने की संभावना भी जताई जा रही है। फिलहाल पीएम मोदी की यात्रा में उज्बेकिस्तान और किर्गिस्तान के दौरे के साथ SCO सम्मेलन पर विशेष नजर रहेगी।